
एशिया कप की तर्ज पर यूरो नेशंस कप कराने की तैयारी की जा रही है। क्रिकेट आयरलैंड इसके लिए बहुत मेहनत कर रहा है। अगर सबकुछ योजना के तहत चला तो 2027 में एक T20 टूर्नामेंट आयोजित किया जा सकता है, जिसमें इंग्लैंड, आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और इटली जैसी टीमें शामिल होंगी। भारत और श्रीलंका में हाल ही में आयोजित किए गए T20 वर्ल्ड कप में इन सभी टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें इंग्लैंड ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
क्रिकेट आयरलैंड के चेयरमैन ब्रायन मैकनीस ने यूरो नेशंस कप को लेकर कहा कि मैं काफी समय से अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ इस पर चर्चा कर रहा हूं। यह एक ऐसा विषय है, जिसके प्रति मैं बहुत जुनूनी हूं और जिस पर मुझे पूरी तरह से विश्वास है।
उन्होंने बताया कि अब बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और मुझे पूरा भरोसा है कि यह टूर्नामेंट जरूर होगा। समय आने पर कई स्टेकहोल्डर्स इसका हिस्सा बनेंगे, लेकिन मुझे उम्मीद है कि इसकी शुरुआत 2027 की गर्मियों में होगी। इसका सटीक फॉर्मेट और बाकी डिटेल्स भी समय आने पर घोषित की जाएंगी। मुझे उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में ऐसा हो जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि इससे जुड़े अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स और पार्टियों के साथ लगातार बातचीत चल रही है। मैं शुरू में ही यह साफ कर देना चाहता हूं कि यह पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए अलग-अलग इवेंट होगा। ब्रॉडकास्टर्स के नजरिए से अभी इस बारे में खुलकर बात करना थोड़ा जल्दबाजी होगी, जब तक कि सब कुछ पक्का न हो जाए, लेकिन हमें उम्मीद है कि ब्रॉडकास्टर्स इसमें जरूर दिलचस्पी दिखाएंगे।
2025 का एशिया कप बहुत सफल रहा था। कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान तीन बार एक-दूसरे के खिलाफ खेले और दुनिया भर के लाखों क्रिकेट फैंस ने इन मैचों का लुत्फ उठाया। साल की शुरुआत में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए छोटे से टकराव ने इस इवेंट में और भी रोमांच भर दिया था, क्योंकि टूर्नामेंट के दौरान कई विवाद भी सामने आए थे। इसमें कोई शक नहीं है कि 2025 एशिया कप ने क्रिकेट आयरलैंड को अपने क्षेत्र के लिए भी कुछ ऐसा ही करने के लिए काफी प्रेरित किया होगा।