
नई दिल्ली। किसी भी टीम के लिए नियमित कप्तान का टीम के साथ होना काफी अहम होता है। कप्तान की अहमियत तब और बढ़ जाती है जब कप्तान दमदार फॉर्म में हो। लेकिन खेल में चोट लगना और बाहर होना भी एक स्वभाविक पक्ष है। अब ऐसी ही कहानी दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के साथ हुई है।
बोर्ड ने ट्वीट करते हुए की पुष्टि-
श्रीलंका टूर पर आई दक्षिण अफ्रीकी टीम टेस्ट में मिली मात को पीछे छोड़ते हुए वनडे में बढ़िया प्रदर्शन कर रही है। लेकिन अब अफ्रीकी टीम को एक बड़ा झटका लगा है। अफ्रीकी टीम के कप्तान और शानदार फॉर्म में चल रहे फाफ डू प्लेसिस चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए है। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने इस बात की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया है।
कंधे में लगी चोट-
मिली जानकारी के मुताबिक फाफ डू प्लेसिस को कंधे में चोट लगी है। जिसके चलते वो बाहर कर दिये गये है। अभी श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी वनडे सीरीज की दो मैच खेली जानी बाकी है। वनडे सीरीज के बाद श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक टी-20 मैच भी खेला जाना है। फाफ इन तीनों मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
छह सप्ताह का समय लगेगा-
श्रीलंका के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मैच में फील्डिंग करते हुए 10वें ओवर में एक कैच पकड़ने लपके प्लेसिस गिर पड़े और उन्हें दाएं कंधे में चोट लग गई। इस कारण वह इलाज के लिए तुरंत मैदान से बाहर चले गए। प्लेसिस की चोट को ठीक होने में कम से कम छह सप्ताह का समय लगेगा।
चोट पर डॉक्टरों ने ये कहा-
चिकित्सकों ने कहा, "प्लेसिस को दाएं कंधे में चोट लगी है। इस कारण वह श्रीलंका दौरे पर बचे बाकी मैचों के लिए टीम में शामिल नहीं रह पाएंगे। उन्हें करीब छह सप्ताह तक रिहेबिलिटेशन में रहना होगा। उनकी वापसी का समय भी जल्द बता दिया जाएगा।" उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका ने पांच वनडे मैचों की सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है।