
Faf du Plessis on Virat Kohli IPL Retirement: भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। 38 साल के हो चुके कोहली अब सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलते हैं। माना जा रहा है कि 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद विराट वनडे क्रिकेट से भी रिटायरमेंट ले लेंगे। इसी बीच साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसिस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व खिलाड़ी ने कोहली के आईपीएल से संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि रन मशीन विराट कोहली तीन-चार साल बाद आरसीबी को भी अलविदा कहते हुए आईपीएल से भी संन्यास ले लेंगे।
फाफ ने क्रिकइन्फो के शो क्रिकेटर्स ऑन क्रिकेटर्स में कहा कि विराट कोहली अपनी जिंदगी में जहां भी हैं, वह आईपीएल से दूर चले जाएंगे। वह बस खेल और उसकी हर चीज से दूर हो जाएंगे और हर बार इतने फ्रेश होकर वापस आएंगे कि इससे उन्हें आईपीएल में लंबे समय तक टिके रहने का मौका मिलेगा। यह बहुत अच्छी बात है, क्योंकि यह लगभग एबी जैसा ही है। मुझे लगता है कि अगर वह तीनों फॉर्मेट में इंडिया के लिए खेलते रहते, तो वह भी बर्नआउट के स्टेज पर पहुंच जाते। और फिर गेम का उतना मजा नहीं ले पाते। जबकि वह एक बहुत अच्छी जगह पर है, जहां वह आरसीबी से प्यार करते हैं। वह आरसीबी के लिए बहुत मेहनत करते हैं। जाहिर है, अब जब उन्होंने आईपीएल खिताब जीत लिया है, तो मुझे उम्मीद है कि आरसीबी में उनके पास अभी तीन या चार साल और बचे हैं।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोहली के साथ बैटिंग करने को लेकर फाफ ने कहा कि विराट मेरे पसंदीदा खिलाड़ी रहे, जिनके साथ मैंने बैटिंग की। विराट के साथ, जब आप बैटिंग करते हैं, तो एक अलग ही एनर्जी होती है। एक इंटेंसिटी जो एकदम ऊपर है। इस मामले में एबी की तरह। इंटेंसिटी 100 परसेंट होनी चाहिए, 80 परसेंट नहीं। जब आप उनके साथ बैटिंग करने जाते हैं, तो आपको लगता है कि वाह, मैं चार्ज हो गया हूं, इसके लिए बहुत पंप अप हूं।
उन्होंने आगे कहा कि इसे समझाने के लिए यह एक ईंट की दीवार पर दौड़ने जैसा है। मुझे याद है कि हर बार जब मैं बाउंड्री मारता था, तो मैं उनके हाथ पर जोर से मुक्का मारता था, क्योंकि मैं बहुत पंप अप होता था। फाफ ने अंत में कहा कि किसी महान खिलाड़ी के साथ बैटिंग करना बहुत ही कम होता है, जो बहुत कम लोग अपनी ज़िंदगी में अनुभव कर पाते हैं। इसलिए उनके साथ बैटिंग करने का मौका मिला, चाहे वो कप्तानी के नजरिए से ही क्यों न हो, उनके बारे में बात करना। वो पूरे तीन साल मेरी जिंदगी के बहुत अच्छे समय के तौर पर जाने जाएंगे।