
नई दिल्ली। भारतीय टीम ( Indian Team ) के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ( mohammad azharuddin ) एक नई मुसीबत में फंस गए हैं। दरअसल, महाराष्ट्र के औरंगाबाद में अजहरुद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। अजहरुद्दीन पर एक ट्रैवल एजेंट से धोखाधड़ी करने के आरोप लगा है। इस मामले में कभी भी उनकी गिरफ्तारी तक हो सकती है। हालांकि अजहरुद्दीन ने अपने उपर लगे आरोपों को झूठ करार दिया है।
आरोपों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे- अजहरुद्दीन
अजहरुद्दीन ने कहा है कि वो इस मामले को लेकर अपनी कानूनी टीम से विचार-विमर्श कर रहे हैं और इसके खिलाफ जरूरी कार्रवाई करेंगे।
21 लाख की धोखाधड़ी का है मामला
आपको बता दें कि एक स्थानीय ट्रैवल एजेंट से करीब 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में अजहरुद्दीन और दो अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। सिटी चौक पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी एडी नागरे ने बताया, 'हमने मुजीब खान (औरंगाबाद), सुधीश अविक्कल (केरल) और मुहम्मद अजहरुद्दीन (हैदराबाद) के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है और जांच जारी है।'
क्या है पूरा मामला ?
- यह मामला 'दानिश टूर एंड ट्रैवल्स' के मालिक शहाब वाई. मुहम्मद (49) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शहाब बंद हो चुकी जेट एयरवेज के पूर्व एक्जीक्यूटिव भी हैं। शिकायत के मुताबिक नौ नवंबर से 12 नवंबर, 2019 के बीच अविक्कल ने अजहरुद्दीन और खुद के लिए कई विदेशी शहरों के लिए टिकट बुक और निरस्त कराए थे।
- आपातस्थिति का हवाला देकर अविक्कल ने किराये के पैसे नहीं दिए और बाद में देने का वादा किया। अविक्कल की ओर से अजहरुद्दीन के निजी सचिव मुजीब खान ने पैसे देने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अभी तक पैसे नहीं मिले। अजहरुद्दीन और मुजीब दोनों ही शहाब से बात करने से बच रहे हैं।