GT vs SRH: आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 169 रनों का लक्ष्य रखा है।
GT vs SRH Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में 56वां मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान जीटी ने चार विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए हैं। जीटी के लिए साई सुदर्शन ने 44 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 61 रन तो वॉशिंगटन सुंदर ने महज 33 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से अर्धशतकीय पारियां खेली हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने 2.2 ओवर में महज 15 के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया। गिल पांच रन बनाकर प्रफ्फुल हिंगे का शिकार बने। इसके बाद जोस बटलर भी 5.1 ओवर में 26 के स्कोर पर हिंगे का दूसरा शिकार बने। बटलर ने महज 7 रन बनाए।
यहां से साई सुदर्शन का साथ देने निशांत सिंधु उतरे और 14 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेलकर पैट कमिंस का शिकार बने। फिर वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर आए और आते ही कमिंस को चौका जड़ अपनी मंशा दर्शा दी। सुदर्शन और सुंदर के बीच 41 गेंदों पर 60 रनों की साझेदारी हुई।
सुदर्शन 44 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेलकर साकिब हुसैन की गेंद को हिंगे के हाथों में खेलकर आउट हो गए। यहां से सुंदर ने होल्डर के साथ अपनी अर्धशतकीय पारी के दम पर जीटी को 168 के फाइटिंग टोटल तक पहुंचाया।
साई सुदर्शन ने इसके साथ ही ऑरेज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। इस मामले में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को पीछे छोड़ा है। क्लासेन 11 मैचों की अब तक 11 पारियों 494 रन बना चुके थे। जबकि सुदर्शन के 12 मैचों की पारियों में अब 501 रन हो गए हैं।
बता दें कि दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 16 अंक हासिल कर सीधे प्लेऑफ में जगह बना लेगी, जबकि हारने वाली टीम को अगले मैच का इंतजार करना होगा।