
Gurnoor Brar added to north zone squad: पंजाब और भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में साउथ जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के लिए नॉर्थ जोन टीम में शामिल किया गया है। गुरनूर श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम में शामिल थे। श्रीलंका से लौटते ही वह नार्थ जोन टीम से जुड़ गए। दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले रविवार 30 अगस्त से खेले जाएंगे। गुरनूर के सीधे प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है, क्योंकि नेशनल सिलेक्टर उन्हें भारत के अगले टेस्ट असाइनमेंट नवंबर में न्यूजीलैंड दौर पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले ज्यादा से ज्यादा रेड बॉल मौके देना चाहते हैं।
बता दें कि गुरनूर ने अभी तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है। वह भारत की पिछली दो टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल रहे हैं और एक साल से ज्यादा समय से बीसीसीआई के टारगेटेड खिलाड़ियों के पूल में शामिल हैं। जुलाई में वह इंडिया ए के श्रीलंका के शैडो टूर पर गए थे और दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में 145 रन देकर 10 विकेट लिए थे। कुल मिलाकर वह 19 फर्स्ट-क्लास मैचों में 25.24 के औसत से 62 विकेट ले चुके हैं।
23 साल के गुरनूर ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इंग्लैंड के दौरे पर वह तीनों वनडे मैचों में भी खेले। उन्होंने अब तक छह वनडे मैचों में 32.81 के औसत से 11 विकेट लिए हैं।
वहीं, जम्मू और कश्मीर के पेसर आकिब नबी इंग्लिश काउंटी सर्किट में कुछ समय खेलने के बारे में सोच रहे हैं। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, सिलेक्टर्स चाहते हैं कि नबी को फिलहाल दलीप ट्रॉफी में खेलने के बजाय सीमर फ्रेंडली कंडीशन में कुछ मैच खेलने का मौका मिले। अगर नबी को काउंटी में खेलने का मौका नहीं मिलता है, तो वह शायद 22 सितंबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया ए के दो मैचों में से पहले मैच में खेलेंगे और फिर 1 से 5 अक्टूबर तक श्रीनगर में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ होने वाले ईरानी कप मैच के लिए जम्मू-कश्मीर की टीम में शामिल होंगे।
ज्ञात हो कि नबी ने 2025-26 में जम्मू और कश्मीर के लिए ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी सीजन में 12.56 की औसत से 60 विकेट लिए थे। उन्हें श्रीलंका के टेस्ट दौरे पर एक भी मैच नहीं खेलने को मिला। हालांकि, माना जा रहा है कि वह खासकर नई गेंद को स्विंग करने की काबिलियत की वजह से न्यूजीलैंड दौरे के लिए दावेदारी में हैं।