
Hardik Pandya-Gujarat Titans Deal Update: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेले गए आखिरी मुकाबले में हार्दिक पंड्या के जर्सी उतारकर स्टैंड्स में फेंकने के बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि अब वह मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेल पाएंगे। इसके बाद कई फ्रेंचाइजीज ने उनसे संपर्क किया। इस दौरान उनकी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस से भी पंड्या को वापस लाने के लिए बातचीत हुई, लेकिन हार्दिक पंड्या की एक शर्त ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस में जाने के लिए बातचीत की थी। गुजरात टाइटंस उन्हें वापस लेने के लिए तैयार भी हो गई थी, जिसे हार्दिक पंड्या ने ही 2022 में पहली बार चैंपियन बनाया था, जब टाइटंस का वह पहला सीजन था। हालांकि उसके बाद वह मुंबई इंडियंस का कप्तान बनने के लिए फ्रेंचाइजी छोड़कर चले गए थे। लेकिन अब वह दोबारा वापस आने के लिए तैयार हो गए और साथ में उन्होंने कप्तानी की शर्त रख दी, जिसने पूरा खेल बिगाड़ दिया। टाइटंस ने इस शर्त को मानने से साफ मना कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या की कप्तानी की डिमांड पर गुजरात टाइटंस ने डील कैंसिल कर दी।
हार्दिक पंड्या की ट्रेड को लेकर फ्रेंचाइजी ने शुभमन गिल से भी बात की थी, जिसके लिए शुभमन गिल पूरी तरह तैयार थे। लेकिन जब पंड्या ने कप्तानी की मांग रखी, तो टाइटंस ने उनकी मांग को ठुकरा दिया और डील कैंसिल कर दी। गुजरात टाइटंस को छोड़कर जब से हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस में गए हैं, MI का प्रदर्शन लगातार गिरता रहा है, जिसके बाद से उनकी कप्तानी पर लगातार सवाल उठने लगे। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के आखिरी मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने अपनी जर्सी उतारकर स्टैंड्स में फेंक दी थी। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अब वह मुंबई इंडियंस की जर्सी में दोबारा नहीं दिखेंगे।
इस दौरान कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया है कि कोलकाता नाइट राइडर्स से लेकर चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, हार्दिक पंड्या के प्रवक्ता ने इस बात का खंडन किया है कि ऑलराउंडर की किसी भी फ्रेंचाइजी के साथ सीधे बातचीत हुई है। उन्होंने कहा है कि हार्दिक पंड्या ने ट्रांसफर, ट्रेड या किसी भी अन्य तरीके से किसी फ्रेंचाइजी से सीधे बात नहीं की है। जो भी बातें हुई हैं वो मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के जरिए की गई हैं।