
Hardik Pandya-Arshdeep Singh Trade: आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स की टीम में शामिल हो गए हैं और उनकी जगह अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल किया है। मुंबई इंडियंस में हार्दिक पंड्या के पिछले सीजन की फीस 16.35 करोड़ रुपए थी लेकिन पंजाब किंग्स ने उन्हें 18 करोड़ रुपए देने का फैसला किया है। वहीं अर्शदीप सिंह को भी मुंबई इंडियंस ने 18 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स से ट्रेड किया है।
इस ट्रेड के साथ अब हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। हार्दिक पंड्या इसी फ्रेंचाइजी के साथ चार IPL खिताब जीते हैं। 2015 में पहली बार MI से जुड़ने के बाद पांड्या लीग के सबसे प्रभावशाली ऑलराउंडरों में से एक बन गए। उन्होंने 2015, 2017, 2019 और 2020 में टीम की खिताबी जीत में बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया था। हालांकि 2022 आईपीएल से पहले वह गुजरात टाइटंस में चले गए और वहां कप्तानी करते हुए पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बन दिया।
गुजरात टाइटंस को चैंपियन बनाने के बाद हार्दिक पंड्या का औरा और बड़ा हो गया। 2023 में उनकी कप्तानी में गुजरात फिर फाइनल में पहुंची लेकिन इस बार खिताब से चूक गई। उनकी कप्तानी स्किल्स ने सभी फ्रेंचाइजी को प्रभावित किया। 2024 आईपीएल से पहले हार्दिक पंड्या की मुंबई इंडियंस में फिर से वापसी हो गई और इस बार उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बना दिया गया। हालांकि कप्तान के तौर पर मुंबई इंडियंस में हार्दिक का करियर कुछ खास नहीं रहा और टीम खिताब दूर जाती रही। हालांकि बतौर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के करीब पहुंचना भी किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सपना हो सकता है। उन्होंने अब तक 162 मुकाबलों में 2955 रन बनाए हैं और 82 विकेट हासिल किए हैं।
अर्शदीप सिंह पिछले 8 सीजन से पंजाब किंग्स के अहम सदस्य थे और पहली बार किसी और टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। इस दौरान उन्होंने 96 मैचों में 111 विकेट हासिल किए हैं। वह PBKS के लिए अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। PBKS के साथ ही उन्होंने साल 2019 में अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। इसी टीम के लिए प्रदर्शन करते हुए उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई और वह टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा विकेट टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।