
Aakash Chopra on Hardik Pandya: IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि फ्रेंचाइजी आगामी सीजन में कप्तानी की जिम्मेदारी में बदलाव कर सकती है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने हार्दिक पंड्या की कप्तानी और रोहित शर्मा की संभावित वापसी को लेकर अपनी राय रखी है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि मुंबई इंडियंस एक बार फिर रोहित को कप्तानी सौंपने पर विचार कर सकती है, हालांकि उन्होंने इस संभावना को लेकर पूरी तरह भरोसा नहीं जताया।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में बने रहना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल वह इसको लेकर श्योर नहीं हैं। उनके मुताबिक, हार्दिक पंड्या ने तीन सीजन तक टीम की अगुवाई की, लेकिन इस दौरान टीम का प्रदर्शन लगातार उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि मुंबई इंडियंस अपनी गलतियों को सुधारने के लिए बड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटती। ऐसे में फ्रेंचाइजी आगामी सीजन से पहले कप्तानी में बदलाव पर विचार कर सकती है। हालांकि, हार्दिक के भविष्य को लेकर मुंबई इंडियंस की ओर से किसी आधिकारिक फैसले की पुष्टि नहीं हुई है।
आपको बता दें रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस को अपनी कप्तानी में 5 आईपीएल खिताब जिता चुके हैं। यही वजह है कि उन्हें दोबारा कप्तानी सौंपे जाने की चर्चाएं लगातार सुर्खियों में हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि रोहित को अपनी कप्तानी की क्षमता साबित करने की जरूरत नहीं है। उनका रिकॉर्ड खुद इसकी गवाही देता है। हालांकि, चोपड़ा ने सवाल उठाया कि क्या मुंबई इंडियंस भविष्य को ध्यान में रखते हुए रोहित को फिर से कप्तान बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि रोहित की कप्तानी लंबे समय के बजाय सीमित अवधि के लिए हो सकती है।
आकाश चोपड़ा ने सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा को भी कप्तानी के संभावित दावेदार बताया। सूर्यकुमार भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह अपने अनुभव के आधार पर विकल्प हो सकते हैं। वहीं, तिलक वर्मा को चोपड़ा भविष्य के कप्तान के रूप में देखते हैं। अब सबकी नजरें मुंबई इंडियंस के फैसले पर टिकी हैं। फिलहाल हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाए जाने या रोहित शर्मा की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।