क्रिकेट

हरमनप्रीत कौर ने अचानक छोड़ी टीम इंडिया की कप्तानी, कहा- इस टीम को मैंने अपना सबकुछ दिया…

Harmanpreet Kaur Update: एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की BCCI के साथ रिव्यू मीटिंग में हुई। गुवाहाटी में हुई मीटिंग के बाद हरमनप्रीत कौर ने ये फैसला लिया।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
harmanpreet kaur
हरमनप्रीत कौर (फोटो- BCCI Women X)

Harmanpreet Kaur step down as captain: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। BCCI की रिव्यू मीटिंग के बाद हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए ये जानकारी थी। हरमनप्रीत ने लिखा कि वो भारतीय महिला टीम की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ रही हैं। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2025 वूमेंस क्रिकेट वर्ल्डकप का खिताब जीता था लेकिन टीम का टी20 वर्ल्डकप में प्रदर्शन कई संस्करण से अच्छा नहीं रहा है। 2026 के टूर्नामेंट में भी टीम पहले राउंड से बाहर हो गई थी, जिसके बाद से उनकी कप्तानी पर सवाल उठने लगे।

सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट

मंगलवार को हरमनप्रीत कौर ने अपने सोशल मीडिया अंकाउट इंस्टाग्राम पर लिखा, "मैं सभी फॉर्मेट से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूँ। यह फैसला आसान नहीं है। इसमें सालों की यादें, भावनाएं, बलिदान और शानदार पल शामिल हैं, जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे। मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया है - अपना खून, अपना पसीना, अपना समय और कई बार, अपने खेल और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का एक हिस्सा। ऐसे क्षण भी आए जब मुझे अपना व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपना विकास और जो मैं अपने लिए चाहता था उसे एक तरफ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना ​​था कि टीम को पहले आना था।"

बल्लेबाज के तौर पर खेलती रहेंगी

हरमनप्रीत कौर ने लिखा कि कप्तानी आज ख़त्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के प्रति मेरा प्यार कभी ख़त्म नहीं होगा। उन्होंने टीम के हर साथी, कोच, सहयोगी स्टाफ, प्रबंधन, बीसीसीआई, परिवार के सदस्यों, हर एक प्रशंसक को धन्यवाद दिया, जो हर उतार-चढ़ाव में मेरे साथ खड़े रहे।

टीम इंडिया को अगली सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलनी है, जहां हरमनप्रीत की जगह अपनी स्मृति मंधाना कप्तानी करती नजर आ सकती हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 3 टी20 और 3 ही वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। क्रिकेट इतिहास में पहले बार जिम्बाब्वे की महिला टीम भारतीय दौरे पर आ रही है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया की कप्तानी में बदलाव ये दर्शाता है कि BCCI 2028 वर्ल्डकप की तैयारी नए कप्तान की अगुवाई में करना चाहता है।

2012 में पहली बार संभाली थी कमान

हरमनप्रीत कौर ने साल 2012 में पहली बार टी20 टीम की कप्तानी की थी, हालांकि तब वह मिताली राज की गैरमौजूदगी में कमान संभाल रही थीं। 2016 में आधिकारिक तौर पर वह टीम इंडिया की कप्तान बनीं और 2022 में मिताली राज के रिटायरमेंट के बाद उन्हें ODI टीम की फ़ुल-टाइम कप्तानी सौंपी गई। इसके बाद 2023 में वह सभी फ़ॉर्मेट में टीम की कप्तान बनीं।