क्रिकेट

IND A vs UAE: ‘अपने ही देश’ के खिलाफ शतक ठोकने वाले हरप्रीत भाटिया का पहला रिएक्शन, बताई दिल की बात

Harpreet Singh Bhatia Century: राइजिंग एशिया कप 2026 में UAE की ओर से खेलते हुए हरप्रीत सिंह भाटिया ने भारत-ए के खिलाफ 130 रन की शानदार पारी खेली। भारत के खिलाफ शतक जड़ने के बाद उन्होंने बताया कि उन्हें सुबह से ही सेंचुरी लगाने का एहसास हो रहा था।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 9:41 PM IST
harpreet singh Bhatia
हरप्रीत सिंह भाटिया (फोटो- IANS)

Harpreet Singh Bhatia Story: मध्यप्रदेश के दुर्ग में जन्मे हरप्रीत भाटिया ने मंगलवार को राइजिंग एशिया कप 2026 के एक मुकाबले में UAE के लिए खेलते हुए भारत-ए के खिलाफ शतक जड़ दिया। उन्होंने 144 गेंदों में 4 छक्कों और 12 चौकों की मदद से 130 रन की पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी के दम पर यूएई ने भारतीय टीम के खिलाफ 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 249 रन बनाए। हालांकि, 250 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने सिर्फ 15वें ओवर में हासिल कर धमाकेदार जीत दर्ज कर ली। हरप्रीत ने भारत के खिलाफ शतक जड़ने के बाद अपने दिल की बात कही।

शतक के बाद बताया अपना हाल

हरप्रीत सिंह भाटिया ने कहा, "बड़ी टीमों के खिलाफ रन बनाने से हमेशा उत्साह बढ़ता है। भारत एक बहुत अच्छी टीम है और मुझे खुशी है कि मैं ऐसा कर पाया। आज सुबह मेरे मन में आया कि आज गुरु नानक जयंती है, इसलिए मुझे लग रहा था कि आज मैं शतक जरूर लगाऊंगा। गुरु नानक जयंती के मौके पर इतने लंबे समय बाद ऐसा हुआ है। आज सुबह मुझे ऐसा महसूस हुआ था कि मैं भारत के खिलाफ शतक लगाऊंगा। और जब ऐसा सच हो जाता है, तो यह एक बहुत ही खास एहसास होता है।"

टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं अंडर-19 वर्ल्ड कप

11 अगस्त 1991 को मध्य प्रदेश में जन्मे हरप्रीत ने भारत में ही आयु वर्ग क्रिकेट में एक होनहार बल्लेबाज के तौर पर अपनी पहचान बना ली थी। वह कूच बिहार ट्रॉफी 2008-09 के दौरान 7 मुकाबलों में 709 रन बनाकर चमके। इस सीजन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 क्रिकेटर चुना गया। इसके बाद साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम में उन्हें उप-कप्तानी की जिम्मेदारी मिली। इस दौरे पर उन्होंने 54.20 की औसत से 262 रन जड़ दिए। इसके बाद साल 2010 में अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे।

रणजी ट्रॉफी 2009-10 में मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले हरप्रीत साल 2018 में छत्तीसगढ़ की टीम में शामिल हो गए। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2017-18 में 629 रन जड़े, जिसके बाद अगले सीजन में 627 रन कूटे। विजय हजारे ट्रॉफी 2022-23 में इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सात पारियों में 516 रन जड़े।

खास नहीं रहा IPL करियर

आईपीएल में हरप्रीत ने तीन टीमों की तरफ से कुल 9 मैच खेले, जिसमें 17.57 की औसत से 123 रन बनाए। उन्होंने 2009/10 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से डेब्यू किया। इसके बाद अगले दो सीजन पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए खेले। साल 2023 और 2024 में हरप्रीत पंजाब किंग्स की तरफ से कुल 5 मैचों में नजर आए। हालांकि, खराब प्रदर्शन की वजह से उनका आईपीएल करियर लंबा नहीं चला।

भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक दशक से ज्यादा समय बिताने के बाद जब हरप्रीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका नहीं मिला, तो उन्होंने यूएई की तरफ से खेलने का फैसला किया। 20 अप्रैल 2026 को हरप्रीत ने नेपाल के खिलाफ खेलते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। इसी साल 25 अप्रैल को उन्होंने वनडे डेब्यू किया। वह अब तक 12 वनडे और 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं