
नई दिल्ली। टीम इंडिया के तूफानी गेंदबाज मोहम्मद शमी पर मुसीबतों का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शमी की पत्नी हसीन जहां उन पर नए-नए आरोपों की बौछार करती जा रही हैं। तो वहीं दूसरी ओर शमी अपनी पत्नी द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोपों को सिरे से नकार दे रहे हैं। शमी ने कहा कि वे इस समय अपनी पत्नी से बात करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हसीन उनका फोन नहीं उठा रही हैं।
बता दें कि हसीन जहां ने मोहम्मद शमी के खिलाफ कोलकाता के लाल बाज़ार पुलिस थाने में मामला दर्ज करा दिया है। शमी पर आरोप लगाते हुए हसीन जहां तमाम न्यूज़ एजेंसियों को अपना इंटरव्यू दे रही हैं। इसी कड़ी में हसीन ने कहा कि शमी भी कोहली को फॉलो करते हुए एक बॉलीवुड स्टार से शादी करना चाहते थे। हसीन ने शमी पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब वे पछता रहे हैं कि उन्होंने मुझसे शादी की।
शमी पर आरोपों की झड़ियां लगाते हुए हसीन ने कहा कि शमी उनकी हत्या के बाद शव को किसी जंगल में ठिकाने लगाने के फिराक में थे। हसीन की मानें तो शमी अपनी पत्नी की हत्या में अपने भाई की मदद लेना चाहते थे। इतना ही नहीं हसीन ने शमी पर मैच फिक्सिंग के भी सनसनीखेज़ आरोप लगाए। बतौर हसीन, शमी पिछले दो सालों से उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे हैं। शमी के लिए अपना करियर छोड़ देने वाली हसीन कहती हैं कि उनकी ज़िंदगी तबाह हो चुकी है।
बताते चलें कि हसीन बचपन से ही एक मॉडल बनने का सपना देख रही थीं। जिसमें कदम बढ़ाते हुए वे आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए चीयरलीडर भी नियुक्त की गई थीं। लेकिन शमी से शादी के बाद उन्होंने सब कुछ त्याग कर शमी के परिवार की खातिरदारी करना शुरु कर दिया था। हसीन की मानें तो शमी पहले भी कई बार उनसे तलाक के लिए बात की है। बता दें कि शमी और हसीन की एक प्यारी सी 4 साल की बेटी भी है। जो माता-पिता के विवाद में फंस रही है।