रोहित शर्मा ने 51 टेस्ट पारियों में 51 छक्के पूरे कर लिए हैं। वहीं धोनी ने 50 छक्के पूरे करने के लिए 78 टेस्ट पारियां खेली थीं।
नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट में बतौर ओपनर रोहित शर्मा ने अपनी अलग पहचान बना ली है। बतौर ओपनर तीन टेस्ट मैचों में तीन सेंचुरी लगाने वाले रोहित शर्मा की तुलना अब पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग से होने लगी है। रविवार को रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में दोहरा शतक जड़ दिया। रोहित ने डबल सेंचुरी छक्के के साथ पूरी की। इसी के साथ रोहित ने एक शानदार रिकॉर्ड में एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
हिटमैन ने 51 पारियों में जड़ दिए 51 छक्के
रोहित की 212 रनों की पारी में उन्होंने 6 छक्के मारे। इसी के साथ रोहित ने धोनी को पीछे छोड़ते हुए सबसे कम टेस्ट पारियों में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड बना दिया। रोहित ने इस रिकॉर्ड में धोनी को पीछे छोड़ दिया है। रोहित शर्मा ने 30 टेस्ट मैच की 51 पारियों में ही 51 छक्के अपने नाम कर लिए हैं। वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी ने ये कारनामा 78 पारियों में किया था। वहीं पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 92 पारियों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे।
इस रिकॉर्ड में ऑलओवर क्रिकेट की बात की जाए तो सबसे कम टेस्ट पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज शाहीद अफरीदी हैं। अफरीदी ने 46 टेस्ट पारियों में 50 छक्के पूरे कर लिए थे।