
नई दिल्ली। आस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी एलन बार्डर को लगता है कि पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर को कोच बनाए जाने से आस्ट्रेलियाई टीम को फायदा होगा क्योंकि लैंगर क्रिकेट खिलाड़ी के अलावा टीम में एक अच्छा माहौल भी तैयार करेंगे। लैंगर को डैरेन लैहमन के बाद आस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वह चार साल तक इस पद पर बने रहेंगे। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के साथ हुए पिछले टेस्ट सीरीज के दौरान हुई बॉल टेंपरिंग की घटना के चलते आस्ट्रेलियाई डेरेन लेहमैन को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। जिसके बाद कंगारू टीम के लिए नए कोच की तलाश जारी थी।
उम्मीद है कि अच्छे इंसान भी तैयार करेंगे-
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू के मुताबिक, बार्डर ने कहा कि लैंगर को कोच बनाना अच्छी सोच को दर्शाता है। वह क्रिकेट खिलाड़ी के साथ अच्छे इंसान तैयार करेंगे और यह टीम के लिए काफी अच्छा होगा। वह साथ ही अच्छी प्रतिस्पर्धा रखने वाले खिलाड़ी हैं।
टीम को मिलेगा खासा लाभ-
उन्होंने कहा कि वेस्टर्न आस्ट्रेलिया ने उनके नेतृत्व में काफी अच्छा काम किया है। उन्होंने यह पद कुछ अच्छी सफलताओं के बाद पाया है। बार्डर को लगता है कि लैंगर का जैसा करियर रहा और उससे मिले अनुभव का टीम को फायदा पहुंचेगा।
नैसर्गिक प्रतिभा के बावजूद पाया बहुत कुछ -
आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि अपने करियर से भी उन्हें पता चलेगा कि यहां तक पहुंचने में किन चीजों की जरूरत होती है। उनमें नैसर्गिक प्रतिभा नहीं थी, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत से काफी कुछ सीखा। वह साथ ही नियमों को लेकर भी संजीदा रहेंगे।
कोच बनने के बाद जताई थी खुशी -
वेबसाइट 'क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू' के अनुसार लेंगर ने कहा कि मेरे लिए आस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के कोच पर नियुक्त होना सम्मानजनक बात है। मैं पिछले छह सीजन में वेस्टर्न आस्ट्रेलियाई क्रिकेट एसोसिएशन और पर्थ स्कोचर्स की ओर से मिले समर्थन का शुक्रगुजार हूं।
आस्ट्रेलिया में प्रतिभा की कोई कमी नहीं -
लेंगर ने कहा था कि मैं सबसे महत्वपूर्ण अपने परिवार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं,जो हमेशा मेरे साथ खड़ा रहा। इस नई जिम्मेदारी के लिए मैं काफी उत्साहित हूं। टीम के लिए आगे काफी बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन आस्ट्रेलिया टीम में प्रतिभा की कमी नहीं। मुझे अब इन खिलाड़ियों के साथ काम करने का इंतजार है।