पंजाब किंग्स की गुजरात टाइटंस पर जीत आसान नहीं थी, बीच में तो ऐसा लगा जैसे पंजाब का जहाज डूबने वाला है। इस मुश्किल घड़ी में 22 साल के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनली संकट मोचन बनकर उभरे और टीम को जीत दिलाई।
Cooper Connolly, Punjab Kings vs Gujarat Titans, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 5वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया। मुल्लांपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनली का जलवा देखें को मिला। कूपर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम को न सिर्फ मुसीबत से निकाला, बल्कि तूफानी अर्धशतक जड़ पंजाब को 3 विकेट से मैच जीतने में अहम भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के शुरुआती तीन मैच काफी एकतरफा रहे थे, और इस मैच में भी एक वक्त ऐसा लग रहा था कि पंजाब बिना किसी परेशानी के जीत जाएगी। 48 गेंदों पर 53 रन चाहिए थे, 8 विकेट हाथ में थे। कॉनली क्रीज पर कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ जमे हुए थे। मगर तभी गुजरात के कप्तान ने प्रसिद्ध कृष्णा को गेंद थमाई और खेल पलट गया।
आईपीएल 2025 के पर्पल कैप विजेता प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने पहले दो ओवर में ही पंजाब की कमर तोड़ दी। उन्होंने तीन विकेट लेते हुए स्कोर को 110/2 से 121/6 पहुंचा दिया। पंजाब की जीत अब भी संभव थी, लेकिन एक और विकेट गिरता तो मैच कहीं और जा सकता था। लेकिन कॉनली पर जैसे इसका कोई असर ही नहीं पड़ा। 16वें ओवर में कगिसो रबाडा की तेज बाउंसर पर उन्होंने जो पुल शॉट मारा, वो सीधे छक्के के लिए गया। उसी ओवर में उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। 12 रन उस ओवर में आए और पंजाब की लड़खड़ाती हुई पारी को जैसे कोई सहारा मिल गया।
इसके बाद मार्को जेन्सन का विकेट जरूर गिरा, लेकिन नौवें नंबर पर उतरे जेवियर बार्टलेट ने एक बड़ा छक्का जड़कर माहौल को शांत कर दिया। आखिर में कॉनली ने चौके से मैच खत्म किया। कॉनली ने इस मैच में 44 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 72 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
यह आईपीएल डेब्यू पर किसी बल्लेबाज का पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। इस लिस्ट में ब्रेंडन मैकुलम और माइकल हसी जैसे दिग्गज शामिल हैं और खास बात यह है कि किसी भारतीय खिलाड़ी ने अब तक डेब्यू पर इतने रन नहीं बनाए हैं। पारी की शुरुआत में प्रभसिमरन सिंह ने भी अच्छा योगदान दिया। छोटे कद का यह विस्फोटक बल्लेबाज ऊपरी क्रम में अपनी काबिलियत एक बार फिर साबित करता नजर आया।
गुजरात टाइटंस की बात करें तो पहली पारी में शुभमन गिल और जोस बटलर ने 39 और 37 रन बनाए, जो कि ठीकठाक शुरुआत थी। लेकिन जैसे ही ये दोनों आउट हुए, मध्यक्रम बिखर गया। पुरानी गेंद पर चेंज-अप और कटर कारगर साबित हुए, और बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने में नाकाम रहे। युजवेंद्र चहल ने फिर से अपनी लय हासिल करते हुए दो अहम विकेट लिए। विजयकुमार व्यशाक ने भी 2025 वाली फॉर्म जारी रखी, पुरानी गेंद से विविधताओं का शानदार इस्तेमाल करते हुए तीन विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने शुरुआत में दो किफायती ओवर डाले, लेकिन उन्हें दोबारा गेंद नहीं मिली, जो थोड़ा अजीब जरूर लगा।