क्या भारत से छिनने वाली है वर्ल्ड कप की मेजबानी? भारत-पाक और बांग्लादेश के साथ बढ़ते तनाव के बीच ICC अब इस देश को बैकअप वेन्यू बनाने पर विचार कर रहा है। जानिए 2100 करोड़ के इस खेल में क्या है ICC का नया मास्टर प्लान...
ICC Tournaments Venue Shift, ICC vs BCCI News: पिछले कुछ महीनों से इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच चल रही अनबन ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। जो बात भारत और पाकिस्तान के बीच एक राजनीतिक विवाद के रूप में शुरू हुई थी, वह अब धीरे-धीरे वर्ल्ड क्रिकेट के लिए एक बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। नतीजा यह हो सकता है कि आने वाले सालों में भारत कुछ बड़े ICC टूर्नामेंट्स की मेजबानी खो दे।
भारत और पाकिस्तान ने लंबे समय से चल रहे राजनीतिक तनाव के कारण एक-दूसरे के देश में क्रिकेट खेलने से मना कर दिया है। इसकी वजह से ICC को हाइब्रिड मॉडल लाना पड़ा, जिसमें दोनों देशों के बीच मैच किसी न्यूट्रल जगह (जैसे श्रीलंका या दुबई) पर कराए जाते हैं। और इससे पहले भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था। तब एक समझौता हुआ था कि 2027 तक दोनों टीमें एक-दूसरे के देश का दौरा नहीं करेंगी, लेकिन अब लग रहा है कि यह पाबंदी और आगे बढ़ सकती है।
ऑस्ट्रेलियाई The Age की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC अब भविष्य के टूर्नामेंट्स को भारत से बाहर शिफ्ट करने का सोच रहा है। खासतौर पर 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 का वनडे वर्ल्ड कप किसी और देश में कराया जा सकता है। क्योंकि अगर भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के यहां नहीं खेलेंगे, तो भारत में टूर्नामेंट कराना लॉजिस्टिक्स और पॉलिटिक्स के लिहाज से बहुत मुश्किल हो जाएगा। साथ ही, अगर कोई टीम आखिरी वक्त पर नाम वापस ले लेती है, तो करोड़ों का नुकसान और शेड्यूल बिगड़ सकता है।
हाल ही में बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आने से मना कर दिया था। जब ICC ने उनके मैच श्रीलंका शिफ्ट करने से इनकार किया, तो बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से ही हटने का फैसला कर लिया। इस स्थिति को देखते हुए ICC अधिकारी अब बैकअप प्लान पर चर्चा कर रहे हैं ताकि आखिरी वक्त पर कोई संकट न आए।
भारत बनाम पाकिस्तान का क्रिकेट मैच पैसों का समंदर है। रिपोर्ट्स की मानें तो सिर्फ इस एक मैच की वैल्यू लगभग 2100 करोड़ रुपये है। इतनी भारी व्यूअरशिप की वजह से यह मैच ग्लोबल क्रिकेट की इकॉनमी की रीढ़ माना जाता है। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी कोलंबो में हुए भारत-पाक मैच को सबसे ज्यादा लोगों ने देखा। ऐसे में ICC नहीं चाहता कि राजनीतिक विवाद के कारण यह बड़ा मैच रद्द हो जाए।
इन हालातों में ऑस्ट्रेलिया मेजबानी की रेस में सबसे आगे निकलकर उभरा है। ऑस्ट्रेलिया ने 2015 और 2022 में सफल वर्ल्ड कप आयोजित किए हैं और वे अगले टी20 वर्ल्ड कप के को-होस्ट (न्यूजीलैंड के साथ) भी होंगे।