क्रिकेट

ICC का नया नियम: 28 सितंबर के बाद होगा लागू, बदल जाएगी खेल की तस्वीर

आईसीसी का नया नियम 28 सितंबर के बाद लागू होने जा रहा है। नियमों को लागू होेते ही खेल की तस्वीर में आमूलचुल बदलाव आएगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Sep 2017, 5:17 PM IST
cricket

नई दिल्ली। लंबे समय बाद भद्रजनों के खेल 'क्रिकेट' में बड़ा सुधार होने जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट के आयोजन और प्रबंधन का काम करने वाली संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट कांउसिल (आईसीसी) के नए नियमों को 28 सितंबर के बाद लागू किया जाएगा। नए नियमों को लागू होते ही क्रिकेट के मौजूदा स्वरूप में काफी कुछ बदल जाएगा। एमसीसी लॉज फॉर क्रिकेट (2017 कोड) नाम के इन नियमों के लागू किए जाने की जानकारी आईसीसी के महाप्रबंधक क्रिकेट ज्योफ अलार्डिस ने दी। नए नियमों के लागू होते ही मैदान में गलत आचरण करने वाले खिलाड़ियों को बाहर निकाला जा सकेगा। बता दें कि फुटबाल में ऐसा नियम पहले से है।

वर्कशॉप के जरिए अंपायरों को मिला प्रशिक्षण
नए नियमों के लागू करने की जानकारी देते हुए आईसीसी के महाप्रबंधक क्रिकेट ज्योफ अलार्डिस ने कहा कि आईसीसी के खेलने के नियमों में ज्यादातर बदलाव एमसीसी द्वारा घोषित क्रिकेट नियमों के बदलाव के परिणामस्वरूप किए गए हैं। नए नियमों पर हमने हाल ही में अंपायरों के साथ वर्कशॉप पूरी की है, ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि वे सभी बदलावों को समझ लें। नए नियम आगामी दो टेस्ट सीरीजों में प्रभावी होंगे। बता दें कि 28 सितंबर से 2 अक्टूबर के दौरान दक्षिण अफ्रीकी टीम बांग्लादेश की मेजबानी करेगी और पाकिस्तान संयुक्त अरब अमीरात में श्रीलंका का मुकाबला करेगा।

ये हैं अहम बदलाव
# 1. नए नियमों में अंपायरों को काफी ताकत दी गई है। अब अंपायर मैदान पर गलत आचरण करने वाले खिलाड़ी को मैदान से बाहर भेज सकेंगे। लेकिन इसके लिए खिलाड़ी का अपराध लेवल चार का होना चाहिए।

# 2. नए नियमों के लागू होते ही बाउंड्री पर हवा में उछलते हुए कैच पकड़ने का कारनामा नहीं हो सकेगा। फील्डर को बाउंड्री के अदर ही रहकर कैच पकड़ना होगा, नहीं तो उसे बाउंड्री मानी जाएगी।

# 3. नए नियमों के मुताबिक यदि एलबीडब्ल्यू के लिए रेफरल 'अंपायर्स कॉल' के रूप में वापस आता है, तो टीमें का रिव्यू समाप्त नहीं माना जाएगा।

# 4. टेस्ट मैचों में 80 ओवर के बाद 'टॉप-अप' रिव्यू जुड़ने का मौजूदा नियम खत्म हो जाएगा, जबकि डीआरएस नियम का प्रयोग अब टी-20 इंटरनेशनल में भी किया जाएगा।

# 5. रन लेने के दौरान यदि बल्लेबाज एक बार क्रीज पार में आ गया तब उसे क्रीज में बल्ला टिकाए रखने की जरुरत नहीं होगी। पहले हवा में बल्ला होने पर बल्लेबाज को आउट दे दिया जाता था।

# 6. नए नियमों के अनुसार किसी बल्लेबाज को तब भी कैच, स्टंप और रन आउट माना जाएगा, जब गेंद फिल्डर या विकेटकीपर द्वारा पहने गए हेलमेट से लगकर आई हो।

# 7. नए नियम के लागू होते ही बल्लेबाज लंबी हैंडिल वाले बल्ले का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। साथ ही बल्ले की लंबाई और चौड़ाई को भी मानकीकृत किया जाएगा।

Published on: