Australia in T20 World Cup 2026: ग्रुप स्टेज में श्रीलंका और जिम्बाब्वे से हारने की वजह से ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही सुपर 8 की दौड़ से बाहर हो गई थी।
Australia vs Oman Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 40वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 9 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम 16.2 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 105 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 10वें ओवर में सिर्फ एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। सुपर-8 से पहले ही बाहर हो चुकी ऑस्ट्रेलिया की यह जीत सांत्वना के रूप में काम करेगी।
इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ओमान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आमिर कलीम बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद जतिंदर सिंह 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि करन सोनेवाल 12 रन ही बना सके। हम्माद मिर्जा भी कुछ खास नहीं कर पाए और जल्दी आउट हो गए। वसीम अली ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए, लेकिन इसके अलावा छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके और पूरी टीम 16.2 ओवर में ढेर हो गई।ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम ज़म्पा ने चार विकेट चटकाए, जबकि ज़ेवियर बार्टलेट और ग्लेन मैक्सवेल को दो-दो सफलता मिली।
105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8 ओवर में 93 रन जोड़ दिए। हालांकि नौवें ओवर की पहली ही गेंद पर ट्रैविस हेड 19 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श ने शानदार अर्धशतक जड़ा और जोश इंग्लिस के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी।
मार्श ने 33 गेंदों में 4 छक्के और 6 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन की पारी खेली। इंग्लिस गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। ओमान की ओर से इकलौता विकेट शीकल अहमद ने झटका। ये दोनों टीमें पहले ही सुपर 8 की दौड़ से बाहर हो गई थीं।