क्रिकेट

खत्म हुआ इंतजार, न्यूजीलैंड ने ग्रुप D से सुपर 8 में बनाई जगह, चकनाचूर इन 3 टीमों का सपना

ICC Men's T20 World Cup 2026, Super 8 Team: कनाडा के खिलाफ न्यूजीलैंड की जीत ने ग्रुप D का समीकरण साफ कर दिया है। इस ग्रुप से साउथ अफ्रीका के साथ कीवी टीम ने सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है।

2 min read
Feb 17, 2026
न्यूजीलैंड बनाम कनाडा (फोटो- IANS)

T20 World Cup 2026 Super 8: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 31वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने कनाडा को हराकर सुपर 8 का टिकट कंफर्म कर लिया। इस मुकाबले में कनाडा ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 173 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स की तूफानी पारी की बदौलत 15.1 ओवर में ही 176 रन बना लिए। इसके साथ ही ग्रुप डी का समीकरण भी साफ हो गया है। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने इस ग्रुप से सुपर 8 में अपनी जगह कंफर्म कर ली थी और अब न्यूजीलैंड ने भी क्वालीफाई कर लिया है।

ये भी पढ़ें

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इस खतरनाक बल्लेबाज की लंबे समय के बाद भारतीय टीम में वापसी

टूटा इन 3 टीमों का सपना

न्यूजीलैंड के सुपर 8 में पहुंचने के साथ ही अफगानिस्तान का अगले दौर में पहुंचने का सपना टूट गया है। वहीं यूएई और कनाडा की टीमें भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं।

आपको बता दें कि इस मुकाबले में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और उनके सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की। युवराज समर ने 65 गेंदों में 110 रन की पारी खेली और वह एसोसिएट देश की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 36 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद निचले क्रम के बल्लेबाज ज्यादा कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन कनाडा की टीम 173 रन बनाने में सफल रही।

फिलिप्स ने मचाया गदर

174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम शेफर्ट 6 रन बनाकर लौट गए, जबकि फिन एलन भी सिर्फ 21 रन ही बना सके। हालांकि इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने कनाडा के गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उड़ाई। दोनों ने अर्धशतक तो पूरा किया ही, साथ ही 15.1 ओवर में ही न्यूजीलैंड को जीत दिला दी। फिलिप्स ने 36 गेंदों में 6 छक्के-4 चौकों की मदद से 76 रन की पारी खेली, तो रचिन ने 39 गेद में 59 रन बनाए। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सुपर 8 में जगह बना ली। इस ग्रुप में न्यूजीलैंड को सिर्फ साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है, जबकि उसने अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को हराया।

हालांकि इस ग्रुप में अभी भी साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को एक-एक मैच खेलना है। साउथ अफ्रीका का आखिरी मुकाबला यूएई से है, जबकि अफगानिस्तान का अंतिम मुकाबला कनाडा के खिलाफ होगा। लेकिन इन मैचों के परिणाम का अब ग्रुप के सुपर 8 समीकरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान की टीम को पहले ही मुकाबले में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मुकाबले में उसने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच टाई खेला। पहला सुपर ओवर भी टाई रहा, लेकिन दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल की। इसके बाद अफगानिस्तान ने यूएई को पांच विकेट से हराया। अब कनाडा के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद भी वह अगले दौर में नहीं पहुंच पाएंगे। दूसरी ओर यूएई की टीम ने कनाडा को हराया था और उसका आखिरी मुकाबला साउथ अफ्रीका से है। वहीं कनाडा की टीम अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है।

Also Read
View All

अगली खबर