
इस्लामाबाद। नियमों के उल्लंघन या फिर फिक्सिंग के आरोपों की वजह से पाकिस्तान के खिलाड़ियों को आईसीसी ने कई बार बैन किया है। ऐसे ही एक पाकिस्तानी खिलाड़ी को अब आईसीसी की तरफ से बड़ी राहत मिली है। दरअसल, आईसीसी ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज के बॉलिंग एक्शन को पास कर दिया है। आईसीसी ने पिछले साल सितंबर में मोहम्मद हफिज के बॉलिंग पर एक्शन पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज पर लगे बैन को आईसीसी ने हटा दिया है। हफीज को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने की इजाजत मिल गई है। मोहम्मद हफीज के लिए ये बड़ी राहत है। मंगलवार को आईसीसी ने हफीज के एक्शन में सुधार करने के बाद उनकी बॉलिंग पर से बैन हटा दिया है।
2017 में श्रीलंका के खिलाफ किया गया था बैन
हालांकि वेस्टइंडीज के तेज़ गेंदबाज रोन्सफोर्ड बीटन को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी से निलंबित कर दिया गया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 24 दिसंबर को क्राइस्टचर्च में दूसरे एकदिवसीय के दौरान इस तेज गेंदबाज के एक्शन की शिकायत की गई थी। आपको बता दें कि साल 2017 में पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज पर श्रीलंका के खिलाफ खेले गए एक मैच में बॉलिंग एक्शन को लेकर बैन कर दिया था। हफीज के गेंदबाजी एक्शन को पिछले साल श्रीलंका के खिलाफ हुई एकदिवसीय सीरीज के दौरान आईसीसी ने सस्पेंड कर दिया था।
इसके बाद हफीज ने अप्रैल में लोगबोरो यूनिवर्सिटी में टेस्ट दिया था, जिसमें पता चला कि उनकी कोहनी आईसीसी के वैध गेंदबाजी के नियमों के अंतर्गत 15 डिग्री के दायरे के भीतर ही पाई गई, जिसके बाद आईसीसी ने उन्हें दोबारा गेंदबाजी करने की इजाजत दे दी है।
आईसीसी ने आधिकारिक बयान में कहा...
आईसीसी की तरफ से जारी किए आधिकारिक बयान में कहा गया है, बीटन का गेंदबाजी एक्शऩ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के हिसाब से अवैध है और वो इस स्तर पर गेंदबाजी नहीं कर सकेंगे। हालांकि वो अपन वेस्टइंडीज क्रिकेट के अंडर होने वाले घरेलू टूर्नामेंट में अपनी गेंदबाजी को जारी रख सकते हैं।"
पहले भी हफीज का बॉलिंग एक्शन हो चुका है बैन
हफीज का गेंदबाजी एक्शन पहले भी तीन बार अवैध घोषित हो चुका है और मैच अधिकारियों को हालांकि अगर लगता है कि हफीज संदिग्ध एक्शन के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और वैध एक्शन पर कायम नहीं हैं तो वह भविष्य में उनकी शिकायत करने के लिए स्वतंत्र होंगे। मैच अधिकारियों की सहायता के लिए गेंदबाज के नये वैध गेंदबाजी एक्शन की तस्वीर और वीडियो फुटेज भी मुहैया कराई जाएगी।
वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम को देंगे मजबूती
आपको बता दें की पाकिस्तान की टीम इस समय आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर गई हुई है और मोहम्मद हफीज दोनों ही टीमों का हिस्सा नहीं हैं। हालांकि हफीज को अनुभव को देखते हुए वो अगले साल होने वाले विश्वकप में पाकिस्तान टीम में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हफीज ने अबतक खेले 200 एकदिवसीय मुकाबलों में 6107 रन बनाए हैं और उनके नाम 136 विकेट भी दर्ज है। इसके अलावा हफीज को गेंदबाजी करने की इजाजत मिलने से पाकिस्तान टीम की स्पिन गेंदबाजी को काफी मजूबती मिलेगी।