
ICC Rankings: आईसीसी की ओर से जारी ताजा टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में रवींद्र जडेजा की बादशाहत खत्म हो गई है। जडेजा चार साल से भी अधिक समय से टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए थे। अब उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के मार्को यानसन ने ले ली है। जडेजा एक स्थान फिसलकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
मार्को यानसन ने अपने करियर में पहली बार दो श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज ने गकेबरहा में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम की शानदार जीत में अहम भूमिका निभाई। यानसेन ने बल्ले से 85 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर मार्को यानसेन ने तीनों रैंकिंग श्रेणियों में सुधार किया। 26 वर्षीय यानसन टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में 13 स्थान ऊपर चढ़कर 56वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर उन्होंने मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल कर लिया।
इसके अलावा, टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर उन्होंने भारत के रवींद्र जडेजा से शीर्ष स्थान छीन लिया। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज गेंदबाज डेल स्टेन ने यानसन को 'दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर' बताया था। अब यानसन पहली बार टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी नंबर-1 बन गए हैं।
आईसीसी टेस्ट ऑलराउंडरों की रैंकिंग के टॉप-10 में भारत के रवींद्र जडेजा के अलावा वाशिंगटन सुंदर ही हैं। वाशिंगटन सुंदर 7वें नंबर पर काबिज हैं। वहीं शीर्ष -10 में मार्को यानसन के अलावा साउथ अफ्रीका के दो और खिलाड़ी हैं। साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर जहां चौथे स्थान पर हैं, वहीं साइमन हार्मर 15 स्थान की छलांग के साथ 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
आईसीसी की ओर से जारी ताजा टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह टॉप-10 में जगह बनाने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज हैं। वह एक स्थान फिसलकर पांचवें नंबर पर आ गए हैं। वहीं, भारत के मोहम्मद सिराज एक पायदान के सुधार के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क एक स्थान फिसलकर दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन एक स्थान नीचे खिसककर पांचवें नंबर पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्कॉट बोलैंड तीन पायदान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और जोश हेजलवुड दो-दो स्थान फिसलकर क्रमशः सातवें और नौवें नंबर पर आ गए हैं। वहीं, भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में 19वें स्थान पर काबिज हैं।
आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा चार स्थान की छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के जो रूट तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड चौथे, भारत के ऋषभ पंत सातवें और शुभमन गिल नौवें स्थान पर काबिज हैं।
ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र को रैंकिंग में नुकसान हुआ है। स्मिथ तीन स्थान फिसलकर पांचवें, जबकि रचिन रवींद्र एक स्थान नीचे खिसककर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम दो स्थान फिसलकर 12वें नंबर पर आ गए हैं।