
Test Rankings: आईसीसी की ओर से बुधवार को टेस्ट टीम रैंकिंग जारी की गई है। वेस्टइंडीज से दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की हार से बांग्लादेश को आईसीसी की ओर से जारी ताजा टेस्ट टीम रैंकिंग में जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ा है। बांग्लादेश की टीम जहां दो पायदान फिसलकर अब 8वें स्थान पर पहुंच गई है, वहीं वेस्टइंडीज की टीम दो स्थान के सुधार के साथ अब छठे नंबर पर काबिज हो गई है। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज ने मेजबान बांग्लादेश को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 8 विकेट से हराया था, वहीं दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच ड्रॉ रहा था।
वहीं दोनों टीमों के डबल्यूटीसी पॉइंट टेबल 2025-27 पर नजर डालें तो बांग्लादेश 8 मैच में 3 जीत, 3 हार और 2 ड्रॉ के साथ 5वें नंबर पर है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम 14 टेस्ट मैच में 3 जीत, 8 हार और 3 ड्रॉ के साथ 8वें नंबर पर है। डब्ल्यूटीसी पॉइंट टेबल में पाकिस्तान सबसे निचले पायदान पर है, जबकि शीर्ष पर न्यूजीलैंड की टीम है। इसके बाद दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका, तीसरे पर ऑस्ट्रेलिया और फिर चौथे पर भारत है।
साउथ अफ्रीका की क्रिकेट टीम आईसीसी टेस्ट टीम रैकिंग में शीर्ष पर बनी हुई है। ऑस्ट्रेलिया इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर बरकरार है। वहीं डब्ल्यूटीसी पॉइंट टेबल 2025-27 में शीर्ष पर काबिज न्यूजीलैंड की टीम टेस्ट रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। इंग्लैंड और श्रीलंका क्रमशः 5वें और 7वें नंबर पर कायम हैं। पाकिस्तान 9वें नंबर पर है। जिम्बाब्वे की टीम सबसे निचले पायदान यानी 10वें नंबर पर है।
आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भारत चौथे स्थान पर काबिज है। भारत ने अब तक कुल 29 मैच में कुल 3042 पीटीएस पॉइंट अर्जित किए हैं और उसकी रेटिंग 105 है। यदि भारत को अपनी स्थिति में सुधार करना है तो उसे आगामी न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज करनी होगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज इसी महीने खेली जाएगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर और दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेला जाएगा।