क्रिकेट

IND A vs AUS A: भारत-ए ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया-ए को 162 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बनाई बढ़त

IND A vs AUS A, 1st Test: इंडिया ए ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए को पहले अनाधिकारिक टेस्ट मुकाबले में 162 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ इंडिया ए ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
India A vs Australia A, 1st unofficial Test
भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए (Photo- IANS)

IND A vs AUS A 1st unofficial Test:देवदत्त पडिक्कल की अगुवाई में इंडिया-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया-ए को 162 रनों से मात दी। इस जीत के साथ इंडिया-ए ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

भारत-ए ने पहली पारी में 334 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम 171 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस तरह भारत-ए ने पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद भारत-ए ने दूसरी पारी में 199 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया-ए के सामने जीत के लिए 362 रनों का लक्ष्य रखा। हालांकि, लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया-ए की पूरी टीम दूसरी पारी में 200 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत-ए ने यह मुकाबला 162 रनों से अपने नाम कर लिया।

प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए कुमार कुशाग्र

भारत-ए के लिए पहली पारी में कुमार कुशाग्र ने शानदार 113 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वह 46 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने मैच में कुल 159 रन बनाए। दोनों पारियों को मिलाकर कुशाग्र ने कुल 16 चौके और 2 छक्के लगाए।

उनके अलावा भारत-ए के लिए साई सुदर्शन ने पहली पारी में 57 और दूसरी पारी में 39 रन बनाए। उन्होंने मैच में कुल 96 रन का योगदान दिया। वहीं, तनुष कोटियन ने पहली पारी में 69 रन बनाए, जबकि कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने दूसरी पारी में 59 रनों की पारी खेली।

शम्स मुलानी रहे सबसे सफल गेंदबाज

भारत-ए की ओर से शम्स मुलानी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पहली पारी में 67 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि दूसरी पारी में 57 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इस तरह उन्होंने पूरे मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा तुषार देशपांडे और तनुष कोटियन ने क्रमशः 5 और 4 विकेट हासिल किए।

ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए जेसन संघा ने बनाए सर्वाधिक रन

ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए जेसन संघा ने मैच में सर्वाधिक 77 रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 46 और दूसरी पारी में 26 रन की पारी खेली। उनके अलावा फर्गस ओ'नील ने मैच में कुल 47 रन बनाए, जबकि सैम कोंस्टास के बल्ले से कुल 25 रन निकले। ऑस्ट्रेलिया-ए की गेंदबाजी की बात करें तो टॉड मर्फी ने मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए। मर्फी ने पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा कोरी रोचिसिओली ने मैच में 4 विकेट अपने नाम किए।

Updated on:
25 Sept 2026 02:22 pm
Published on:
25 Sept 2026 01:22 pm