क्रिकेट

Ind A vs Aus A: रजत पाटीदार की पारी बेकार, ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को लगातार दूसरी बार हराया

IND A vs Aus A, 2nd unofficial ODI: ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए को 69 रन से हराया।ऑस्ट्रेलिया ए की टीम ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 11 अक्टूबर को पुडुचेरी में खेला जाएगा।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
India A vs Australia A
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी। (Photo- X/@CricketGuru_CG)

India A vs Australia A, 2nd unofficial ODI: ऑस्ट्रेलिया-ए ने शुक्रवार को दूसरे अनऑफिशियल वनडे मुकाबले में भारत-ए को 69 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम 49.5 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की टीम 45.2 ओवर में 206 रन पर सिमट गई। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 11 अक्टूबर को पुडुचेरी में खेला जाएगा।

सैम कॉन्स्टास और जोश फिलिप ने जड़े अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया-ए के लिए सैम कॉन्स्टास और जोश फिलिप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगाए। कॉन्स्टास ने 88 गेंदों का सामना करते हुए सात चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप ने 58 रनों की पारी खेली, जिसमें आठ चौके शामिल रहे। इन दोनों के अलावा मिचेल ओवेन ने 25, नाथन मैक्स्वीनी ने 32, लैकलन शॉ ने 25 और निखिल चौधरी ने 19 रनों का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम 275 रन बनाने में सफल रही।

रजत पाटीदार की पारी भी भारत-ए को नहीं दिला सकी जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की ओर से रजत पाटीदार ने संघर्षपूर्ण पारी खेली। उन्होंने 81 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। पाटीदार के अलावा विपराज निगम ने 23 रन बनाए, जबकि अनुकूल रॉय 34 रन बनाकर नाबाद रहे। इनके अलावा साई सुदर्शन ने 13, देवदत्त पडिक्कल ने एक, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 12, कुमार कुशाग्र ने 17, निशांत सिंधू ने 13, सूर्यांश शेडगे ने 10 और यश ठाकुर ने छह रन बनाए। भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया-ए के गेंदबाजों के सामने टिककर नहीं खेल सके और पूरी टीम 206 रन पर ऑलआउट हो गई।

स्पेंसर जॉनसन ने झटके तीन विकेट

ऑस्ट्रेलिया-ए की ओर से स्पेंसर जॉनसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। राइली मेरेडिथ और तनवीर संघा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि बेन ड्वारशुइस, निखिल चौधरी और मिचेल ओवेन को एक-एक सफलता मिली। वहीं, भारत-ए की ओर से अरशद खान ने तीन विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर ने दो बल्लेबाजों को आउट किया। विपराज निगम, निशांत सिंधू, सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया-ए ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।

Updated on:
09 Oct 2026 06:18 pm
Published on:
09 Oct 2026 05:33 pm