
Ind A vs Aus A Day 3 Highlights: भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड पर जारी इस टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 334 रन बनाए और फिर मेजबान टीम ने ऑस्ट्रेलिया-ए को उसकी पहली पारी में सिर्फ 171 रन पर ढेर कर दिया। इस तरह भारतीय टीम को पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त मिली। तीसरे दिन कप्तान देवदत्त पडिक्कल के अर्धशतक के दम पर भारत की बढ़त 300 के पार पहुंच गई है।
चार दिवसीय इस अनाधिकारिक टेस्ट में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए साई सुदर्शन के 57 कुमार कुशाग्र के 113 और तनुष कोटियान के 69 रनों की पारियों के दम अपनी पहली पारी में 117.3 ओवर का सामना करते हुए स्कोर बोर्ड पर 334 रन लगाए थे। वहीं, विपक्षी खेमे से कोरी रोचिचिओली ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि टॉड मर्फी को 3 विकेट लिए।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया-ए टीम 171 रन पर ढेर हो गई। मेहमान टीम की शुरुआत खराब रही। उसे 40 के स्कोर तक 4 झटके लग गए थे। इसके बाद जोश फिलिप ने जेसन संघा के साथ 45 रन की साझेदारी की। जोश 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद संघा ने लियाम स्कॉट के साथ छठे विकेट के लिए 41 रन जुटाते हुए ऑस्ट्रेलिया-ए को संभालने की कोशिश की, लेकिन मेहमान खेमा 200 के आंकड़े को छू नहीं सका। संघा 6 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से शम्स मुलानी ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। जबकि तुषार देशपांडे और तनुष कोटियन को 2-2 विकेट हाथ लगे।
पहली पारी के आधार पर 163 रन की बढ़त लेने वाली भारतीय टीम की दूसरी पारी में शुरुआत बेहद ही खराब रही। तीसरे दिन उसका पहला विकेट महज 25 के स्कोर पर गिरा। फिर दूसरा झटका 93 के स्कोर पर साई सुदर्शन के रूप में लगा। वह 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भारत के खाते में रन ही जुड़ा था कि शेख रशीद भी चलते बने। फिर 126 के स्कोर पर चौथा विकेट यश राठौर (12) के रूप में गिरा। इसके बाद भारत को पांचवां सबसे बड़ा झटका 151 के स्कोर पर कप्तान देवदत्त पडिक्कल के रूप में लगा। वह 88 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन, वह भारत की बढ़त को 300 के पार पहुंचाने में सफल रहे।