
विशाखापट्टनम। भारत और ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीमों ने रविवार को डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित पहले टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान एक विशेष संदेश दिया। मैच से पहले दोनों टीमों ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ट्विटर पर इसकी एक तस्वीर भी पोस्ट की। इसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी, अंपायर और अधिकारी मैच शुरू होने से पहले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं टीम इंडिया के खिलाड़ी पुलवामा हमले के शहीदों की याद में इस मैच में अपनी बाजू पर काली पट्टी बांधकर मैच खेलने उतरे।
बीते 14 फरवरी को जम्मू एवं कश्मीर के पुलमावा में हुए इस आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 44 जवान शहीद हो गए थे।
इस आतंकी हमले के बाद देश के कई दिग्गज क्रिकटरों ने इंग्लैंड में मई-जून में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले भारत के मैच का बहिष्कार करने की बात कही थी। कुछ ने हालांकि कहा है कि भारत को विश्व कप में पाकिस्तान से खेलना चाहिए और उसे हराना चाहिए।
इन सबके बीच बीसीसीआई और इसका संचालन कर रही प्रशासकों की समिति (सीओए) ने बीते दिनों एक बैठक बुलाई थी जिसमें उसने पाकिस्तान के साथ होने वाले मैच का बहिष्कार करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को एक पत्र लिखा है। बीसीसीआई का मत है कि जो देश आतंक को पनाह दे रहा है, उसके साथ क्रिकेट कैसे खेला जा सकता है।