क्रिकेट

Ind U19 vs Aus U19: आर्यवीर सहवाग ने दी शानदार शुरुआत तो अन्वय द्रविड़ ने मचाया धमाल, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 रन से रौंदा

Ind U19 vs Aus U19: भारत और ऑस्‍ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच खेले गए पहले अनऑफिशियल वनडे में मेजबान भारतीय टीम ने 7 रन से जीत दर्ज की है। इस मैच में आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ और यशबर्धन चौहान ने शानदार प्रदर्शन किया है।
2 min read
Sep 18, 2026
Ind U19 vs Aus U19, Aaryavir Sehwag and Anvay Dravid,
अन्‍वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग। इनसेट में राहुल द्रविड़ और वीरेंदर सहवाग। (फाइल फोटो सोर्स: एक्‍स@/TheYorkerBall)

India U19 vs Australia U19 1st unofficial ODI: भारत और ऑस्‍ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच अनाधिकारिक वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। पहला वनडे शुक्रवार को राजकोट के निरंजन शाह स्‍टेडियम में खेला गया। बारिश की वजह से इस मैच के ओवर में 30 ओवर की कटौती की गई। 20 ओवर के इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए छह विकेट के नुकसान पर 182 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रन से शानदार जीत दर्ज की।

आर्यवीर सहवाग ने दी शानदार शुरुआत तो अन्वय द्रविड़ ने मचा दिया धमाल

इस मुकाबले में यशबर्धन चौहान ने जहां बल्‍ले से सबसे ज्‍यादा 34 गेंदों पर पर पांच चौके और दो छक्‍कों की मदद से 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली है। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग के बेटे आर्यवी सहवाग ने 26 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्‍वय द्रविड़ ने महज 18 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्‍कों की मदद से 38 रन की तूफानी पारी खेली है।

एक नजर मैच पर

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारत की अंडर-19 टीम को ओपनर आर्यवीर सहवाग और लक्ष्‍य रायचंदानी ने अच्‍छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों के बीच 6.1 ओवर में पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी हुई। आर्यवीर 28 रन बनाकर स्‍पेंसर ग्रीन का शिकार हुए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और भारत का स्‍कोर 11.4 ओवर में 88 पर पहुंच गया। इसके बाद अन्‍वय द्रविड़ और यशबर्धन के बीच पांचवें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई और भारत 150 के पार पहुंचा।

अन्‍वय 18 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए। वहीं इसके बाद यशबर्धन ने अपना अर्धशतक पूरा किया और वह 34 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह भारतीय टीम 20 ओवर में 182 रन ही बना सकी। इसके जवाब में मेहमान ऑस्‍ट्रेलिया की टीम 7 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी और भारत ने ये मुकाबला 7 रन से जीत लिया।

Updated on:
18 Sept 2026 07:04 pm
Published on:
18 Sept 2026 06:01 pm