क्रिकेट

IND vs AUS U19: वीरेंदर सहवाग के बेटे और यशबर्धन की तूफानी पारियां, भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया को 103 रनों से धोकर 2-0 से जीती सीरीज

IND U19 vs AUS U19 Highlights: भारत और ऑस्‍ट्रेलिया की अंडर 19 टीमों के बीच सोमवार को राजकोट में खेले गए दूसरे यूथ वनडे में मेजबान टीम ने 103 रन से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही तीन मैचों की इस सीरीज में भारत ने 2-0 से कब्‍जा कर लिया है।
2 min read
Sep 21, 2026
IND U19 vs AUS U19 Highlights, Aaryavir Sehwag,
पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग के बेट आर्यवीर सहवाग। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/ShayanAcharya)

IND U19 vs AUS U19 2nd Youth ODI Highlights: भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच तीन यूथ वनडे मैचों की सीरीज राजकोट के निरंजन शाह स्‍टेडियम में खेली जा रही है। सोमवार को दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने मेहमान टीम के खिलाफ 103 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही भारत ने सीरीज पर भी 2-0 से कब्‍जा कर लिया है। इस मैच में भारतीय युवा टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए आर्यवीर सहवाग और यशबर्धन चौहान की शानदार पारियों के दम पर सात विकेट खोकर 341 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए थे। इसके जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम महज 238 के स्‍कोर पर सिमट गई।

अर्धशतक से चूके आर्यवीर सहवाग

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत ठीकठाक रही। हालांकि, उसने 7.3 ओवर में 46 के स्‍कोर पर अपने पहले विकेट के रूप में कप्‍तान लक्ष्‍य रायचंदानी (11) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद भारत का दूसरा विकेट 101 के स्‍कोर पर आर्यवीर सहवाग के रूप में गिरा। सहवाग ने 48 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 47 रन की पारी खेली। वीके विनीथ और यशबर्धन चौहान के बीच तीसरे विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी करते हुए भारत के स्‍कोर को 230 के पार पहुंचाया। इसके बाद यशबर्धन ने चौथे विकेट के लिए कुशाग्र ओझा के साथ 84 रन की साझेदारी करते हुए न केवल अपना शतक पूरा किया, बल्कि भारत को 300 के पार पहुंचा दिया।

यशबर्धन ने खेली दमदार पारी

जब यशबर्धन के रूप में भारत का पांचवां विकेट गिरा, तब स्‍कोर 334 था। यशबर्धन ने 100 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौकों और दो छक्‍कों की मदद से 122 रन की दमदार पारी खेली। इसके बाद भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 341 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगाए।

238 के स्‍कोर पर सिमटी ऑस्‍ट्रेलिया

भारत के 342 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने महज 72 के स्‍कोर पर अपने तीन शीर्ष बल्‍लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद चौथे विकेट के लिए जैक ज़ोस्नेक और ब्‍लैक कैटल के बीच 99 रन की साझेदारी हुई और ऑस्‍ट्रेलिया 26.2 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाकर वापसी करता नजर आया। लेकिन, इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और ऑस्‍ट्रेलिया की पूरी टीम महज 238 के स्‍कोर पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 103 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

Updated on:
21 Sept 2026 05:16 pm
Published on:
21 Sept 2026 04:40 pm