क्रिकेट

IND vs ENG: ‘बेयरस्टो को बाहर करो..’, चौथे टेस्ट से पहले ब्रेंडन मैकुलम पर भड़के एलिस्टर कुक

बेयरस्टो ने इस सीरीज में अबतक 0,4,25, 26, 37 और 10 रन की पारी खेली है। ऐसे में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने उन्हें चौथे मैच से बाहर करने का सुझाव दिया है। कुक ने रांची टेस्ट के लिए बेयरस्टो की जगह डैन लॉरेंस को शामिल करने का समर्थन किया।

2 min read

India vs England 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। पहला मैच जीतने के बाद इंग्लैंड की टीम को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा है और टीम सीरीज में 2-1 से पिछड़ रही है। इस सीरीज में दोनों टीमों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है। इंग्लैंड की 'बैजबॉल' रणनीति अब भारत ने भी अपना ली है। लेकिन इस सीरीज में इंग्लैंड के कई खिलाड़ी तेजी से बल्लेबाजी करने की कोशिश में फ्लॉप हो रहे हैं। इन में एक नाम विकेट कीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो का भी है।

बेयरस्टो का बल्ला इस सीरीज में अबतक पूरी तरह से शांत है। इसकी बड़ी वजह 'बैजबॉल' है। ये खिलाड़ी जब नैचुरल क्रिकेट खेलते हैं तो जमकर रन बनाते हैं। लेकिन इस सीरीज में तेजी से रन बनाने की कोशिश में दोनों सुपरफ्लॉप रहे हैं। बेयरस्टो ने अब तक 3 टेस्ट मैच की 6 पार‍ियों में महज 102 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत मात्र 17 का रहा है। बेयरस्टो का स्ट्राइक रेट भी कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने ये रन 58 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। वहीं उनका सर्वाधिक स्कोर 37 रन रहा है।

बेयरस्टो ने इस सीरीज में अबतक 0,4,25, 26, 37 और 10 रन की पारी खेली है। ऐसे में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने उन्हें चौथे मैच से बाहर करने का सुझाव दिया है। कुक ने रांची टेस्ट के लिए बेयरस्टो की जगह डैन लॉरेंस को शामिल करने का समर्थन किया।

एलिस्टर कुक ने टीएनटी स्पोर्ट्स को बताया, 'उसका अब तक खराब टूर रहा है और भारत में ऐसा करते रहना कठिन है। मैं ये नहीं कह रहा हूं कि वह टेस्ट दोबारा नहीं खेलेगा। लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति का होना अच्छा है जो इस श्रृंखला के अब तक की चीजों से दूर हो।'

उन्होंने कहा, 'जब आप रन नहीं बना रहे होते हैं, तो कुछ गेंदबाज आप पर दबाव बनाते हैं, इसलिए मैं डैन लॉरेंस को मौका दूंगा।' लेकिन एक अन्य पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन को लगता है कि इंग्लैंड टीम प्रबंधन बेयरस्टो का टीम में बरकरार रखेगा। एथर्टन ने कहा, 'बेयरस्टो इस सीरीज के लिए अहम रहा है, इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस अहम मौके पर उन्हें छोड़ देंगे।'

वहीं इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने कहा है कि वह बाहरी आवाजों को अनसुना करेंगे और बेयरस्टो का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने विकेट नहीं देखा है लेकिन मुझे आशा है कि जॉनी खेल रहा होगा, हां हमारे नजरिए से, हमें उसे विश्वास दिलाते रहना होगा।' इंग्लैंड के कोच ने कहा, 'बाहरी शोर को भी रोकें और उसे वर्तमान में रखें और उस चीज पर ध्यान दे जो वह हासिल करना चाहता है, मुझे यकीन है कि जानी अच्छा करेगा। मैंने जॉनी के साथ समय बिताया है और उसे याद दिलाया है कि वह शानदार खिलाड़ी है।'

Published on:
22 Feb 2024 09:03 am
Also Read
View All