19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जीत के बावजूद रहाणे को इस बात का मलाल, बल्लेबाजों पर साधा निशाना, बताया कहां करना है सुधार

IPL 2026 KKR vs RR: केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज की, जहां रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय की साझेदारी और वरुण चक्रवर्ती की शानदार गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई।

2 min read
Google source verification
Ajinkya Rahane

अजिंक्य रहाणे (फोटो- IANS)

Ajinkya Rahane on Kartik Tyagi: आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 4 विकेट से हराया। रविवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर मिली इस सीजन की पहली जीत से केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे काफी खुश नजर आए।

अनुकूल की भी जमकर की तारीफ

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली जीत के बाद कप्तान रहाणे ने कहा, "यहां आकर सच में बहुत खुशी हो रही है। बहुत अच्छा लग रहा है। मैच के दौरान बहुत सारी भावनाएं उमड़ रही थीं। मैं रिंकू, अनुकूल और वरुण के लिए सच में बहुत खुश हूं। वरुण ने शानदार गेंदबाजी की। अनुकूल का घरेलू टूर्नामेंट बहुत शानदार रहा था। ज्यादातर प्रैक्टिस सेशन में हमारी आपस में बातचीत हुई है। यह स्थिति को अच्छी तरह से समझने के बारे में है।"

उनके मुताबिक, "यह जीत हमें आत्मविश्वास देगी। गेंदबाजों के बीच अच्छा तालमेल बन रहा है। बल्लेबाजी के मामले में हम अभी भी सुधार कर सकते हैं। कार्तिक त्यागी ने सच में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। हमने जो प्रैक्टिस मैच खेले हैं, तब से ही बिल्कुल साफ है कि मैदान पर कार्तिक को क्या करना है। वह अभी युवा हैं, लेकिन उनमें जो आत्मविश्वास है, वह कमाल का है। एक तेज गेंदबाज के तौर पर उनमें यह आत्मविश्वास बढ़ता देखकर सच में बहुत खुशी हो रही है। अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है।"

बल्लेबाजों से अभी भी खुश नहीं रहाणे

जीत के बावजूद रहाणे ने माना कि टीम के बल्लेबाजों को अपने प्रदर्शन में अभी सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा, "बल्लेबाजी के मामले में पिछले तीन मुकाबलों में हमारा पावरप्ले अच्छा नहीं रहा है। कभी-कभी मुझे लगता है कि स्ट्राइक रेट को जरूरत से ज्यादा अहमियत दी जाती है। हमने देखा कि इस मुकाबले में क्या हुआ। एक बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर हमें बहुत तेजी से सीखने की जरूरत है। अब हमें वे पांच या छह अतिरिक्त दिन मिलेंगे। हमारे ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत ही शानदार है। प्रशंसक शुरू से ही बहुत जबरदस्त रहे हैं। पिछले पांच मैच हमारे लिए सच में बहुत खराब रहे थे। यह जीत फैंस के लिए ही है। वे बहुत शानदार और बहुत सकारात्मक रहे हैं। उनसे आपको सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।"

वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन गेंद से शानदार रहा। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 14 रन खर्च करते हुए 3 बड़े विकेट अपने नाम किए। वहीं, कार्तिक त्यागी भी बेहतरीन लय में नजर आए और उन्होंने 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए। राजस्थान रॉयल्स से मिले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम एक समय पर 85 के स्कोर पर 6 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही थी।

हालांकि, रिंकू सिंह और अनुकूल रॉय ने सातवें विकेट के लिए 37 गेंदों में 76 रनों की साझेदारी निभाते हुए टीम को सीजन की पहली जीत दिलाई। रिंकू ने 34 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 53 रन बनाए और वह नाबाद रहे। वहीं, अनुकूल ने 16 गेंदों में 29 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर लौटे।