क्रिकेट

Ind vs Afg: पहले ही T20I में खुली अफगानिस्‍तान की पोल, भारत के सामने रखा महज 157 रन का लक्ष्‍य

Ind vs Afg 1st T20: अफगानिस्तान ने दिल्‍ली में खेले जा रहे पहले टी20 मुकाबले में भारत के सामने महज 157 रन का लक्ष्‍य रखा है। अफगानिस्‍तान के लिए अजमतुल्‍लाह उमरजई ने नाबाद 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
2 min read
Sep 13, 2026
ind vs afg 1st t20
अफगानिस्‍तान को विकेट लेने की खुशी मनाती भारतीय टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

India vs Afghanistan 1st T20 Highlights: भारत बनाम अफगानिस्‍तान तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला दिल्‍ली के अरुण जेटली स्‍टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी अफगानी टीम ने निर्धारित 20 ओवर 8 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाते हुए भारत के सामने महज 157 रन का लक्ष्‍य रखा है। अफगानिस्‍तान की ओर से अजमतुल्‍लाह उमरजई ने अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।

अफगानिस्‍तान की बेहद खराब शुरुआत

टॉस हारकार पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी अफगानिस्‍तान की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसे दूसरी ही गेंद पर मात्र 5 रन के स्‍कोर पर पहला झटका रहमानुल्‍लाह गुरबाज के रूप में लगा गुरबाज बगैर खाता खोले जसप्रीत बुमराह की गेंद को अभिषेक शर्मा के हाथ में खेल बैठे। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्‍तान इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्‍लाह अटल के बीच 32 रन की साझेदारी ही हुई थी कि 38 के स्‍कोर पर जादरान के रूप में दूसरा झटका दिया। कप्‍तान 10 गेंदों पर 11 रन बनाकर रन आउट हुए।

सिर्फ 43 के स्‍कोर पर आधी टीम पवेलियन लौटी

इसके बाद तो जैसे विकेटों की झड़ी ही लग गई। अफगानिस्‍तान ने पांच रन के भीतर तीन और विकेट गंवा दिए। अफगानी टीम को तीसरा झटका 39 के स्‍कोर पर सेदिकुल्‍लाह अटल के रूप में लगा, जो कि 13 गेंदों पर 13 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। फिर 41 के स्‍कोर पर चौथा विकेट गुलबदीन नैब के रूप में गिरा। नैब 6 गेंदों पर 2 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने। इसके बाद उसे पांचवां झटका 43 के स्‍कोर पर लगा, जब दरविश रसूली सिर्फ दो रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड हो गए। इस तरह अफगानिस्‍तान की आधी टीम सिर्फ 43 के स्‍कोर पर पवेलियन लौट गई।

भारत के सामने रखा 157 रन का लक्ष्‍य

महज 43 के स्‍कोर पर आधी टीम के आउट होने के बाद अजमतुल्‍लाह उमरजई और मोहम्‍मद नबी ने अफगानी पारी को संभाला। इन दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी हुई। नबी 27 गेंदों पर 33 रन बनाकर अर्शदीप का दूसरा शिकार बने। इसके बाद टीम का सातवां विकेट 131 के स्‍कोर पर राशिद खान के रूप में गिरा। वह सिर्फ एक रन बनाकर अर्शदीप का तीसरा शिकार बने। फिर नूर अहमद भी शून्‍य के स्‍कोर पर रन आउट हो गए। इसी बीच उमरजई ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उमरजई के नाबाद 64 रन की बदौलत अफगानिस्‍तान ने भारत के सामने महज 157 रन का लक्ष्‍य रखा है।