क्रिकेट

IND vs AFG Live Streaming: बारबाडोस में सुबह 10.30 बजे शुरू होगा भारत और अफगानिस्तान का मुकाबला, जानें भारत में कब देख सकते हैं लाइव

IND vs AFG Free Live Streaming: भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ सुपर 8 के अभियान का आगाज करेगी। यह मैच बारबाडोस में सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा लेकिन भारत में यह मैच रात को लाइव देखा जा सकता है।

2 min read

IND vs AFG T20 World Cup Live Streaming: अमेरिका में टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप ए मैचों में न्यूयॉर्क की चुनौतीपूर्ण पिच पर भारत अपराजित रहा। अब भारत टूर्नामेंट के अगले दौर यानी सुपर-8 चरण में अफगानिस्तान के खिलाफ गुरुवार को मैदान में उतरेगा। भारतीय टीम में सबकी नजर विराट कोहली और कुलदीप यादव पर होगी। वहीं, अफगानिस्तान गेंदबाज फजलहक फारूकी से अपनी उम्मीदें लगाए बैठा होगा। टीम इंडिया इन दिनों सुपर-8 राउंड के पहले मुकाबले के लिए बारबाडोस में मौजूद है। यहां हर भारतीय खिलाड़ी खूब पसीना बहा रहा है। इस मैच को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स, डीडी स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर लाइव देख सकते हैं।

कोहली और फजलहक पर सबकी नजर

टूर्नामेंट के पहले दौर में बल्ले से फ्लॉप रहे विराट कोहली से भी फैंस को काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि कैरेबियाई सरजमीं पर विराट का बल्ला खूब चलता है। हालांकि, विराट की फॉर्म और बैटिंग ऑर्डर अब भी सस्पेंस में है। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी टूर्नामेंट में खतरनाक फॉर्म में हैं। इन परिस्थितियों में बदलाव का मतलब भारत के लिए कॉम्बिनेशन में भी बदलाव होगा। न्यूयॉर्क में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियां होने के कारण प्लेइंग-11 में कुलदीप यादव को जगह नहीं मिली।

अब जब मैच का रुख वेस्टइंडीज की ओर बढ़ चुका है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत कुलदीप यादव के रूप में एक अतिरिक्त स्पिनर खिलाएगा, जो रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की तुलना में टीम में और अधिक वेरिएशन लाए। कुलदीप अभ्यास सत्रों में कड़ी मेहनत करते नजर आए हैं। ऐसे में मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को कड़ी चुनौती देने के लिए जसप्रीत बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह की बायें हाथ की गेंदबाजी अहम है।

भारत में इतने बजे से देखा जाएगा Live

यह मुकाबला बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेला जाएगा, जो स्थानिय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। 10 बजे मैच के लिए टॉस होगा। इस मैच में बारिश की कोई संभावना नहीं नजर आ रही है। ऐसे में बिना किसी रुकावट के फैंस इस मुकाबले का लुत्फ उठा सकते हैं। हालांकि भारत में यह मैच रात 8 बजे से लाइव प्रसारित होगा। इस मैच को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स, डीडी स्पोर्ट्स और हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है।

Also Read
View All

अगली खबर