क्रिकेट

IND vs AUS : ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज से पहले तगड़ा झटका, कप्तान ही हुआ टीम से बाहर

IND vs AUS ODI Series : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 मार्च से शुरु होने जा रही वनडे सीरीज से पहले कंगारू टीम को तगड़ा झटका लगा है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आखिरी दो मुकाबलों के बाद अब नियमित कप्तान पैट कमिंस वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। अब उनके स्थान पर स्टीव स्मिथ वनडे सीरीज मेंं कप्तानी करेंगे।
2 min read
• •
Updated: 14 Mar 2023, 12:19 PM IST
ind-vs-aus-odi-series-australian-captain-pat-cummins-ruled-out-from-odi-series-against-india.jpg
ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज से पहले तगड़ा झटका, कप्तान ही हुआ टीम से बाहर।

IND vs AUS ODI Series : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद अब तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगा। इस सीरीज का पहला मुकाबला 17 मार्च को मुंबई में खेला जाएगा। लेकिन, इससे पहले एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया टीम को बड़ा झटका लगा है। कप्तान पैट कमिंस वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। अब उनके स्थान पर स्टीव स्मिथ तीन मैचों की वनडे सीरीज मेंं कप्तानी की बागडोर संभालेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि पैट कमिंस वनडे सीरीज खेलने के लिए भारत नहीं लौटेंगे। इसका मतलब है कि बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को इंदौर टेस्ट जिताकर लाज बचाने वाले स्मिथ वनडे टीम का भी नेतृत्व करेंगे।


दरअसल, ऑस्ट्रेलिया टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस मां मारिया की अंत समय में देखभाल के लिए दिल्ली टेस्ट के बाद स्वदेश लौट गए थे। पिछले सप्ताह ही स्तन कैंसर से उनकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद अहमदाबाद टेस्ट में ऑस्ट्रेलियन टीम काली पट्‌टी बांधकर खेली थी। कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने भी कहा था कि कमिंस अब वापस भारत नहीं लौटेंगे। वह परिवार के साथ हैं, जो बेहद कठिन हालात का सामना कर रहा है।

विश्व कप के लिहाज से अहम सीरीज

बता दें कि पैट कमिंस ने 2022 में ही एरोन फिंच के रिटायरमेंट के बाद वनडे टीम की कमान संभाली थी। हालांकि वह अभी तक ऑस्ट्रेलियन टीम के लिए सिर्फ दो वनडे मैच में ही टीम का नेतृत्व कर सके हैं। 17 मार्च से मुंबई में शुरू होने वाली एकदिवसीय मैचों की सीरीज कंगारू टीम के लिए अहम है। क्योंकि इस साल के आखिर मेंं भारत में ही वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा।

यह भी पढ़े - अहमदाबाद टेस्ट ड्रॉ, भारत ने 2-1 से जीती बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी

अब ऑस्ट्रेलिया टीम स्क्वॉड

स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, एश्टन एगर, ट्रैविस हेड, शॉन एबॉट, एलेक्स केरी, नाथन एलिस, मार्नस लैबुशेन, मिशेल मार्श, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस, ग्लेन मैक्सवेल, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस और एडम जम्पा।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज

पहला मैच- 17 मार्च, शुक्रवार, मुंबई

दूसरा मैच- 19 मार्च, रविवार, विशाखापत्तनम

Published on: