
India vs Australia U19 Update: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे अंडर-19 वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। हालांकि, वह अपने अर्धशतक से चूक गए और 47 रन पर रन आउट हो गए। रन आउट होने से पहले उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके लगाए। दो मैचों में अब तक वह 14 चौके जड़ चुके हैं। आर्यवीर को पहली बार टीम इंडिया की अंडर 19 स्क्वॉड में जगह मिली है और शुरुआती दोनों मुकाबलों में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है।
पहले मुकाबले में आर्यवीर सिर्फ 26 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, इस दौरान भी उन्होंने 20 रन सिर्फ चौके से बनाए थे। जबकि राहुल द्रविड़ के बेटे ने 18 गेंद में 211 की स्ट्राइक रेट से 38 रन की पारी खेली थी और वह मुकाबला इंडिया अंडर-19 टीम ने 7 रन से जीत लिया था। दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, कप्तान रायचंदानी सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया।
जहां लक्ष्य एक-एक रन के लिए तरस रहे थे, वहीं आर्यवीर सहवाग लगातार चौके बरसा रहे थे। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में दो चौके जड़े। इसके बाद आर्यवीर ने चौथे ओवर में भी दो चौके लगाए। आठवें ओवर में तो आर्यवीर ने पहली, पांचवीं और आखिरी गेंद पर तीन चौके जड़े। 19 ओवर की पांचवीं गेंद पर आर्यवीर दुर्भाग्यशाली रहे और रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। 20 ओवर तक भारतीय टीम ने 103 रन बना लिए हैं। के विनीत 29 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि यशवर्धन चौहान एक रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।
आर्यवीर ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में सेंट्रल दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन किया था और चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U19 वनडे सीरीज के लिए उन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया। आर्यवीर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे हैं, जिन्होंने भारत को 2007 टी20 वर्ल्डकप और 2011 में वनडे वर्ल्डकप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। सहवाग के नक्शे-कदम पर चलते हुए आर्यवीर ने अपने क्रिकेटिंग करियर का धमाकेदार आगाज किया है।