क्रिकेट

U19 ODI Team India Squad: वीरेंद्र सहवाग-राहुल द्रविड़ के बेटों की खुली किस्मत, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U19 वनडे टीम में मिली जगह

U19 Team India Squad Announced: BCCI ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ वनडे और मल्टी-डे सीरीज के लिए भारत की टीम का ऐलान कर दिया है। आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को 15 सदस्यीय वनडे टीम में जगह मिली है।
2 min read
Aug 27, 2026
Virender Sehwag's son Aaryavir receives first India U-19 call-up vs Australia, Rahul Dravid's son Anvay retains place
आर्यवीर और अन्वय (फोटो- IANS)

IND U19 vs AUS U19 Series Schedule 2026: गुरुवार को BCCI ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे और मल्टी डे मैचों की सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया। टीम इंडिया की अंडर 19 वनडे टीम में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व कप्तान और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को शामिल किया गया है। ये दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में चुने गए हैं। BCCI ने गुरुवार को दोपहर में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

जूनियर पुरुष चयन समिति ने घरेलू दौरे के लिए टीमों की घोषणा की। भारत की अंडर 19 टीम राजकोट में 18, 21 और 23 सितंबर को तीन 50 ओवर के मैच खेलेगी। इसके बाद राजकोट में ही 27 से 30 सितंबर तक और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम 'बी' ग्राउंड में 5 से 8 अक्टूबर तक रेड बॉल से मल्टीडे मैच खेलेगी।

50 ओवर के मैच में उत्तराखंड के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी कप्तानी करेंगे, जबकि मध्य प्रदेश के बल्लेबाज यशबर्धन चौहान उनके उप-कप्तान होंगे। चौहान लाल गेंद वाले मैचों में कप्तानी संभालेंगे और रायचंदानी उनके उप-कप्तान होंगे। लेग स्पिन ऑलराउंडर आर्यवीर और विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय को 15 सदस्यीय वनडे टीम में जगह मिली है, लेकिन दोनों ही टेस्ट मैचों के लिए चुनी गई टीम में शामिल नहीं हैं। आर्यवीर फिलहाल 2026 दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे हैं और अब तक सिर्फ दो मैच ही खेल पाए हैं। वहीं, अन्वय ने जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम के लिए दो 50 ओवर के मैचों में 101 रन बनाए। उस दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम 50 ओवर की सीरीज 2-1 से हार गई, लेकिन रेड बॉल सीरीज 1-0 से जीत ली।

वनडे मैचों के लिए U19 टीम इंडिया

लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्य पटेल है।

मल्टी डे मैचों के लिए U19 टीम इंडिया

यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, इशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव।

U19 AUS vs U19 IND सीरीज का शेड्यूल

मुकाबलातारीखआयोजन स्थल
पहला यूथ वनडे18 सितंबर 2026राजकोट – निरंजन शाह स्टेडियम
दूसरा यूथ वनडे21 सितंबर 2026राजकोट – निरंजन शाह स्टेडियम
तीसरा यूथ वनडे23 सितंबर 2026राजकोट – निरंजन शाह स्टेडियम
पहला मल्टी-डे मैच27–30 सितंबर 2026राजकोट – निरंजन शाह स्टेडियम
दूसरा मल्टी-डे मैच5–8 अक्टूबर 2026अहमदाबाद – नरेंद्र मोदी स्टेडियम B
Updated on:
27 Aug 2026 12:31 pm
Published on:
27 Aug 2026 12:31 pm