IND vs ENG 2nd ODI: रोहित शर्मा ने वनडे करियरा का 32वां शतक महज 77 गेंद में पूरा किया। वह 90 गेंद में 132.22 की स्ट्राइक से 119 रन बनाकर आउट हुए।
IND vs ENG 2nd ODI: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा लंबे समय बाद लय में नजर आए। कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड से मिले 305 रन का पीछा करते हुए उन्होंने अपनी टीम को ना सिर्फ शानदार शुरुआत दिलाई बल्कि 77 गेंद में शतक ठोक आगामी मुकाबलों के लिए अपने इरादे भी जता दिए।
37 वर्षीय भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा ने 26वें ओवर में इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल राशिद की गेंद पर लॉग ऑफ पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। पुरुष वनडे विश्व कप 2023 के दौरान दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ 84 गेंदों में 131 रन की पारी के बाद यह रोहित शर्मा का पहला वनडे शतक है।
इंग्लैंड के खिलाफ कटक में रोहित शर्मा 90 गेंद में 132.22 की स्ट्राइक से 119 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने इस शतकीय पारी के दौरान 12 चौके और 7 छक्के लगाए। यह रोहित का 32वां वनडे शतक है, जो हमवतन सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बाद सर्वकालिक सूची में उनका तीसरा स्थान रखता है।
रोहित शर्मा ने अपने इस शतक की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (वनडे+टी20 अंतरराष्ट्रीय+टेस्ट) में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है। अब रोहित शर्मा के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 49 शतक हो गए, जिसे उन्होंने 493 मैच की 526 इनिंग में बनाए हैं। वहीं राहुल द्रविड़ के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 48 शतक दर्ज हैं, जिसे उन्होंने 504 मैच की 599 इनिंग में बनाए थे।
सचिन तेंदुलकर- 100 शतक
विराट कोहली- 81 शतक
रोहित शर्मा- 49 शतक
राहुल द्रविड़- 48 शतक
वीरेंद्र सहवाग- 38 शतक