
नितीश कुमार रेड्डी (फोटो- IANS)
India vs Ireland T20 Series 2026: आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले भारतीय टीम को नीतीश कुमार रेड्डी (Nitish Kumar Reddy) के रूप में बड़ा झटका लगा है। अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी वनडे मुकाबले में चोटिल होने वाले नीतीश कुमार रेड्डी अब आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि वह क्वाड्रिसेप्स इंजरी की वजह से मैचों से बाहर हो गए हैं।
आपको बता दें कि नीतीश कुमार रेड्डी को हार्दिक पांड्या के विकल्प के तौर पर ऑलराउंडर के रूप में चुना गया था, लेकिन अब वह भी इन दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं। साथ ही, इंग्लैंड के खिलाफ उनके खेलने की संभावना भी कम है। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद नीतीश कुमार रेड्डी का एमआरआई हुआ था, जिसमें पता चला है कि चोट वाली जगह पर सूजन आ गई है और उनके बाएं क्वाड्रिसेप्स में भी कुछ समस्याएं हैं, जिसकी वजह से उन्हें आयरलैंड के खिलाफ सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
नीतीश कुमार रेड्डी पहली बार 2024 में चर्चा में आए थे, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में शतक जड़ा था। इसके बाद से उन्हें लगातार मौके मिले। मेलबर्न में शतक लगाने से पहले उन्होंने दिल्ली में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मुकाबले में 34 गेंदों में 74 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 217 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उसके बाद उन्हें भारत की वनडे टीम में भी जगह मिली। हालांकि, अब तक वह वनडे क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर पाए हैं। नीतीश ने अब तक 10 टेस्ट, 6 वनडे और 4 टी20 मुकाबले खेले हैं। इसमें उन्होंने टेस्ट में 8 विकेट चटकाए हैं, जबकि वनडे में 2 और टी20 में 3 विकेट हासिल किए हैं।
इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में 396 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में 100 और 4 टी20 मुकाबलों में 90 रन बना चुके हैं। रेड्डी ने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था और उसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ही वनडे में भी डेब्यू किया था। अब देखना यह होगा कि नीतीश कुमार रेड्डी की जगह भारतीय टीम में किस खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना जाता है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 26 जून को पहला और 28 जून को दूसरा टी20 मुकाबला खेलना है। इसके बाद 1 से 11 जुलाई के बीच भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
संजू सैमसन, ईशान किशान, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा।
Updated on:
23 Jun 2026 11:17 am
Published on:
23 Jun 2026 10:36 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
