
Ravi Bishnoi Conceded 29 Runs in One Over: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर में खेला गया, जहां टीम इंडिया को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की ओर से मैच जिताऊ पारी खेली और एक ओवर शेष रहते ही टीम को जीत दिला दी।
आपको बता दें कि इससे पहले इंग्लैंड और भारतीय टीम की भिड़ंत टी20 वर्ल्डकप 2026 के सेमीफाइनल में हुई थी। उस मुकाबले में भी जैकब बेथेल ने शतक जड़कर टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। हालांकि, वह जीत से पहले रन आउट हो गए थे, जिसकी वजह से भारतीय टीम को जीत मिली और इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार अपने होम ग्राउंड पर जैकब बेथेल अंत तक क्रीज पर टिके रहे और भारतीय टीम को हराकर ही दम लिया।
इस हार के बाद सोशल मीडिया पर रवि बिश्नोई की जमकर आलोचना हो रही है। उन्होंने एक ही ओवर में 29 रन खर्च कर दिए, जिसकी वजह से टीम इंडिया जीता हुआ मुकाबला हार गई। मैच के बाद जब जैकब बेथेल से उस ओवर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया, जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया, तब दो विकेट गिर चुके थे। लेकिन हैरी ब्रूक और फिर टॉम बैंटन के साथ साझेदारी ने मैच का रुख बदलने में मदद की।
17वें ओवर की अपनी रणनीति के बारे में उन्होंने बताया कि उनका प्लान छोटी बाउंड्री का फायदा उठाते हुए लेग साइड को निशाना बनाने का था। उन्होंने कहा कि कुछ फ्री-हिट भी मिल गईं, जिसकी वजह से गेंदबाज दबाव में आ गया। इसके बाद उन्होंने लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की और सब कुछ उनके प्लान के मुताबिक चलता गया। आखिर में जोफ्रा आर्चर के साथ मिलकर उन्होंने मैच खत्म कर दिया।
आपको बता दें कि रवि बिश्नोई ने इस मुकाबले में चार ओवर में 60 रन खर्च किए। उनकी महंगी गेंदबाजी भारतीय टीम पर भारी पड़ी। वहीं दूसरी ओर जैकब बेथेल ने 46 गेंदों में 76 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उन्होंने रवि बिश्नोई के एक ही ओवर में 29 रन बटोरे, जिसने मैच का रुख पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में मोड़ दिया।