
Ind vs Eng T20 Series 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए। आपको बता दें कि इस मुकाबले में उन्होंने दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाए। अपने दूसरे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इस दौरान उन्होंने एक बार फिर वही गलती दोहराई, जिस पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। जोफ्रा आर्चर की गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे। आपको बता दें कि जोफ्रा आर्चर की ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का लगाया था, लेकिन उसी गेंदबाज की रणनीति में फंसकर उन्होंने अपना विकेट भी गंवा दिया।
तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। इससे पहले उन्होंने ईशान किशन के खिलाफ तीन गेंदें डाली थीं। ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना था, जबकि दूसरी गेंद 146 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से थी, जिस पर ईशान किशन ने चौका जड़ दिया। तीसरी गेंद भी तेज रफ्तार की थी, जिस पर ईशान किशन ने बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में खेलकर एक रन लिया।
चौथी गेंद पर आर्चर ने 144 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट पिच गेंद फेंकी, जो लेग साइड की ओर जा रही थी। सूर्यवंशी ने गेंद का पीछा करते हुए पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का बाहरी किनारा लग गया। विकेटकीपर जोस बटलर ने कोई गलती नहीं की और शानदार कैच लेकर उनकी पारी का अंत कर दिया।
वैभव सूर्यवंशी जोफ्रा आर्चर की यह तीसरी गेंद खेल रहे थे। इससे पहले उन्होंने पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद खेली थी, जो बाउंसर थी और उस पर कोई रन नहीं बना था। अगली गेंद 146 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट डाली गई, जिस पर सूर्यवंशी ने शानदार छक्का जड़ दिया था।
हालांकि, जब तीसरे ओवर में वह दोबारा आर्चर के सामने आए तो इंग्लिश तेज गेंदबाज ने गेंद को उनके शरीर के थोड़ा करीब रखने की कोशिश की। सूर्यवंशी को इस तरह की गेंदों के खिलाफ पहले भी परेशानी होती रही है और इस बार भी उनसे वही गलती हुई। नतीजतन वह अपना विकेट गंवाकर पवेलियन लौट गए।
आपको बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में यह भारत की दूसरी हार है। भारतीय टीम को 125 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इंग्लैंड ने 201 रन बनाए थे, जबकि 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया सिर्फ 76 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस हार के साथ भारतीय टीम के नाम कई शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। साथ ही, भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि टीम इंडिया लगातार पांच टी20 मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।