क्रिकेट

IND vs ENG: पहले टेस्ट में अश्विन, सुंदर और कुलदीप को मिल सकता है मौका

-2016 में जब इंग्लैंड ने भारत का दौरा किया था तो अश्विन और जडेजा ने 93 में से 54 विकेट चटकाए थे।-लेफ्ट आर्म स्पिनर जडेजा ने अब तक अपने 220 विकेटों में से 157 विकेट भारत में लिए हैं। वह टेस्ट में नौ बार से ज्यादा 5 विकेट ले चुके हैं।
2 min read
• •
Updated: 26 Jan 2021, 3:39 PM IST
india_vs_england.jpg

नई दिल्ली। इंग्लैंड (England) ने पिछली बार जब दिसंबर 2016 में भारत का दौरा किया था तो रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) और रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने मिलकर इंग्लैंड के 93 विकेटों में से 54 विकेट चटकाए थे और भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 4-0 से अपने नाम की थी। अंगूठे में फ्रेक्चर के कारण जडेजा (Ravindra Jadeja) इस बार इंग्लैंड के साथ चार मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो टेस्टों में नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में भारत को कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) , वाशिंगटन सुंदर (Washington sunder) और अक्षर पटेल (Akshar Patel) में से किसी एक को अश्विन के साथ स्पिनर के रूप में चुनना पड़ सकता है।

लेफ्ट आर्म स्पिनर जडेजा ने अब तक अपने 220 विकेटों में से 157 विकेट भारत में लिए हैं। उन्होंने टेस्ट में अब तक नौ बार पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं और इनमें से उन्होंने सात बार घर में यह उपपलब्धि हासिल की है। सौराष्ट्र के जडेजा के पास गति और विविधता है, जोकि भारतीय पिचों पर उन्हें सफल बनाता है, जहां पहले दिन ही टर्न मिलनी शुरू हो जाती है।

लेकिन जडेजा की गैर मौजूदगी में पहले दो टेस्ट में भारत को अपने रिजर्व स्पिनरों पर निर्भर रहना पड़ेगा, जिन्हें कम ही टेस्ट खेलने का अनुभव है। भारत ने पांच फरवरी से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होने वाले पहले दो टेस्ट के लिए वाशिंगटन सुंदर ( एक टेस्ट), लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल (कोई टेस्ट नहीं) और कुलदीप (छह टेस्ट) के साथ अनुभवी आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को चुना है।

इस बात की संभावना ज्यादा है कि भारत पहले टेस्ट में पांच विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। इसमें सुंदर सहित तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाज हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ब्रिस्बेन में टेस्ट में पदार्पण करने वाले सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से कमाल कर सकते हैं।

टीम प्रबंधन ने इस बात के भी संकेत दिए हैं कि कुलदीप को घरेलू सीरीज में खेलने का मौका मिल सकता है। कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे और गेंदबाजी कोच भरत अरुण पहले ही यह कह चुके हैं कि कलाई के स्पिनर ने नेटस पर काफी अभ्यास किया है, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेलने का मौका नहीं मिला था।

दोनों यह कह चुके हैं कि भारत में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उन्हें खेलने का मौका मिल सकता है। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप ने दो साल से भी अधिक समय से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह सिडनी में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेले थे, जिसमें 16 ओवर में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। कुलदीप की जगह सुंदर और अश्विन को भी मौका मिल सकता है क्योंकि चेन्नई का यह मैदान सुंदर और अश्विन का घरेलू मैदान है।

Published on: