T20 World Cup 2026 Semifinal 2: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच टक्कर होगी। उससे पहले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने सूर्या एंड कंपनी को जीत का मंत्र दिया है।
India vs England, Semifinal 2, T20 World Cup 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच कुछ ही देर में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शुरू होगा। वानखेड़े स्टेडियम से भारतीय टीम की कई खट्टी-मीठी यादें जुड़ी हैं। मैच से पहले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया को आगाह किया है। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को जीत हासिल करने का एकमात्र तरीका भी बताया।
जियोस्टार से बात करते हुए दिनेश कार्तिक ने कहा, "वानखेड़े में असली फैक्टर है कि दबाव को आप किस तरह से झेलते हैं। अगर आप 20 ओवर तक दबाव नहीं रख सकते, तो जो टोटल आपको काफी लगता था, उसे चेज किया जा सकता है।" इस दौरान दिनेश कार्तिक ने भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2016 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल को याद किया। यह मुकाबला वानखेड़े में खेला गया था। वेस्टइंडीज ने भारत के दिए 193 के लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
कार्तिक ने कहा, "मुंबई में हमेशा से हाई-स्कोरिंग मैच होते हैं। हम सभी को 2016 याद है, कैसे 192 का चेज किया गया था। वह रात इसलिए याद की जाती है क्योंकि यह वानखेड़े की प्रकृति को पूरी तरह से दिखाती है। बड़े स्कोर डिफेंड नहीं होते, अगर चेज करने वाली टीम को अच्छी शुरुआत मिल जाएगा तो कहानी बदल जाती है।" उन्होंने कहा, "बराबरी के लिए मत खेलो, आराम के लिए मत खेलो, और यह मत सोचो कि स्कोरबोर्ड पर लगा स्कोर आपको बचा लेगा। मैं कहूंगा कि भारत को पावरप्ले बहुत सकारात्मक और आक्रामक तरीके से खेलना चाहिए।"
कार्तिक ने कहा कि जोफ्रा आर्चर एक ऐसे गेंदबाज हैं जो बल्लेबाजी पिच पर भी बल्लेबाजों पर नियंत्रण रख सकते हैं। अगर आर्चर किसी फेज में हावी हो जाते हैं, तो इंग्लैंड की पूरी गेंदबाजी और भी तेज दिखती है। अगर भारत आर्चर को डिफेंड करने के लिए मजबूर करता है, तो बाद में आसानी हो जाती है। हालांकि जोफ्रा आर्चर ने कुछ अच्छे स्पेल फेंके हैं, इसलिए आपको उन पर दबाव डालने के लिए सही योजना बनानी होगी। सैम कुरेन, जेमी ओवरटन और लियाम डॉसन के लिए भी रणनीति होनी चाहिए। भारत अगर अच्छे रन रेट से रन बनाएगा तो इंग्लैंड पर दबाव बढ़ेगा।
कार्तिक ने कहा, "पहले बैटिंग की स्थिति में भारत को जितना हो सके उतना बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। अगर लक्ष्य का पीछा कर रहे हैं तो उनकी गेंदबाजी पर दबाव डालिए। इंग्लैंड से बेहतर होने का यही तरीका है।" बता दें कि दोनों टीमें लगातार तीसरा टी20 वर्ल्डकप का सेमीफाइनल खेलने जा रही हैं। 2022 में भारतीय टीम का हार मिली थी, तो 2024 में टीम इंडिया ने बदला लिया था।