क्रिकेट

IND vs NZ: केएल राहुल के शतक के दम पर मजबूत स्थिति में पहुंचा भारत, 368 के जवाब में टी तक स्‍कोर 344/2

IND vs NZ 1st Test: न्‍यूजीलैंड के पहली पारी में 368 रन के जवाब में भारत ने केएल राहुल की नाबाद शतकीय पारी के दम पर तीसरे दिन चायकाल तक दो विकेट के नुकसान पर 344 रन बना लिए हैं। अब भारतीय टीम न्‍यूजीलैंड से सिर्फ 24 रन पीछे है।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 8:50 AM IST
IND vs NZ 1st Test
भारतीय बल्‍लेबाज केएल राहुल और देवदत्‍त पडिक्‍कल। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

IND vs NZ 1st Test Day 3: भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्‍ट में मेहमान टीम काफी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। न्‍यूजीलैंड अपनी पहली पारी में 368 के स्‍कोर पर ऑलआउट हुई थी। वहीं, भारत ने अपनी पहली पारी में तीसरे दिन चाय काल दो विकेट के नुकसान पर 344 रन स्‍कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। भारत अब न्‍यूजीलैंड से पहली पारी के आधार पर सिर्फ 24 रन पीछे हैं। केएल राहुल 265 गेंदों पर 9 चौके और एक छक्‍के की मदद से 124 रन और कप्‍तान शुभमन गिल 40 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 36 रन बनाकर खेल रहे हैं।

शतक से चूके देवदत्‍त पडिक्‍कल

भारत ने तीसरे दिन की शुरुआत 1 विकेट पर 159 रन से की। केएल राहुल ने 52 और देवदत्त पडिक्कल ने 16 रन से अपनी पारी शुरू की। केएल और देवदत्‍त ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 165 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 295 रन तक पहुंचाया। देवदत्‍त शतक से चूक गए और 175 गेंदों पर 80 रन के निजी स्कोर पर काइल जैमिसन का शिकार हुए।

केएल राहुल शतक के साथ बनाए कई रिकॉर्ड

वहीं, केएल राहुल ने शतक लगाया। न्यूजीलैंड में अपना पहला टेस्ट खेल रहे राहुल का टेस्ट करियर में ये 13वां शतक है। इस शतक के साथ ही वह SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बल्लेबाज बन गए। इतना ही नहीं वह न्यूजीलैंड में पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले सुनील गावस्कर और सुरिंदर अमरनाथ के बाद तीसरे भारतीय बन गए।

केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच 49 रन की साझेदारी

तीसरे दिन चाय काल तक भारत का स्कोर 2 विकेट पर 344 रन रहा। केएल राहुल 265 गेंदों पर 9 चौकों और एक छक्के की सहायता से 124 और शुभमन गिल 40 गेंदों पर 4 चौकों के साथ 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच टी तक 49 रन की साझेदारी हुई। तीसरे दिन दो सेशन में भारत ने एकमात्र विकेट देवदत्त पडिक्कल के रूप में खोया है। जबकि दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल का विकेट गिरा था। जायसवाल ने 85 रन बनाए थे। वह भी पडिक्‍कल की तरह शतक से चूक गए थे।