क्रिकेट

IND vs NZ: लंबे इंतजार के बाद वैभव सूर्यवंशी को मिली प्लेइंग 11 में जगह, आउट होने के बाद छोड़ गए गंभीर सवाल

Vaibhav Suryavanshi vs NZ 2nd T20: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। आईपीएल में 228 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले सूर्यवंशी क्राइस्टचर्च की पिच पर 8 गेंदों में एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाए।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2026, 3:54 PM IST
Vaibhav Suryavanshi
वैभव सूर्यवंशी (फोटो- BCCI)

India vs New Zealand T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है, जहां वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली, लेकिन वह सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। सपाट विकेटों पर 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले सूर्यवंशी इस मुकाबले में सिर्फ 50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर पाए। सिर्फ 4 रन बनाकर आउट होकर उन्होंने एक सवाल छोड़ दिया कि क्या सिर्फ सपाट पिचों पर ही रनों की अंबार लगा सकते हैं।

सूर्यवंशी का IPL में 228 का स्ट्राइक रेट

आईपीएल में सूर्यवंशी ने 23 मैचों की 23 पारियों में 228 के स्ट्राइक रेट से 1028 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने अब तक 96 छक्के लगाए हैं। वहीं, टीम इंडिया के लिए खेले 9 मैचों में भी उनका स्ट्राइक रेट 180 के आसपास रहा है। लेकिन जैसे ही क्राइस्टचर्च की बॉलिंग फ्रेंडली पिच पर उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला, वह सिर्फ चार रन बनाकर आउट हो गए। इस पारी में एक चौका तक नहीं लगा पाए। आईपीएल 2026 में उन्होंने कई बार पहली गेंद पर छक्का लगाया था और वर्ल्ड क्लास गेंदबाजों के हौसले पस्त किए लेकिन क्राइस्टचर्च में नाथन स्मिथ की गेंद पर डेरिल मिचेल को कैच देकर पवेलियन लौट गए।

इस मुकाबले में भारतीय टीम 181 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 180 रन बनाए, जिसमें ग्लेन फिलिप्स ने एक बार फिर 70 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए, जबकि बेवन जैकब्स ने 40 गेंदों में 58 रन बनाए। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन 14 रन बनाकर आउट हो गए, तो वैभव सूर्यवंशी सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा भी 21 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर सात रन बनाकर मिचेल सैंटनर की गेंद पर बोल्ड हो गए। 70 रन पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी।

ईशान की जगह सूर्यवंशी को मिला मौका

क्राइस्टचर्च में ही भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया था, जहां भारतीय टीम ने 226 रन के लक्ष्य को हासिल कर रिकॉर्ड बनाया था। यह टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा सफल रन चेज भी था। हालांकि, उस मुकाबले में ईशान किशन चोटिल हो गए थे, जिसकी वजह से दूसरे टी20 मुकाबले में वह प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए और वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिला। सूर्यवंशी आउट हो गए, लेकिन आउट होने के बाद एक सवाल छोड़ गए। क्या वह बॉलिंग फ्रेंडली पिच पर भी आक्रामक बल्लेबाजी कर पाएंगे?

Updated on:
24 Oct 2026, 3:54 PM IST
Published on: