
IND vs NZ 2nd Test Day 2 Highlights: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च हेगले ओवल ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में मेहमान टीम की हालत पतली है। न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम ने चायकाल तक 14.4 ओवर में सिर्फ 59 के स्कोर पर अपने शीर्ष तीन विकेट गंवा दिए हैं। टीम इंडिया अभी भी कीवी टीम से पहली पारी के आधार पर 297 रन पीछे है। केएल राहुल 34 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाकर खेल रहे हैं। जबकि यशस्वी जायसवाल (0), देवदत्त पडिक्कल (21) और शुभमन गिल (17) पवेलियन लौट गए हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने शून्य के स्कोर पर अपना पहला विकेट यशस्वी जायसवाल के रूप में गंवा दिया। यशस्वी को मैट हेनरी ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल के बीच 33 रन की साझेदारी हुई।
देवत्त 20 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर काइल जैमिसन का पहला शिकार बने। उन्हें काइल ने विकेट के पीछे टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच आउट कराया। फिर केएल का साथ देने खुद कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर उतरे। लेकिन, वह भी 29 गेंदों पर तीन चौके की मदद से 17 रन बनाकर काइल की गेंद पर ब्लंडेल के हाथों कैच आउट हो गए। इस तरह भारत ने चायकाल तक सिर्फ 59 के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष विकेट गंवा दिए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन 246/5 से आगे खेलते हुए अपनी पहली पारी में 356 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। न्यूजीलैंड के लिए टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज्यादा 211 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 89 रन, टॉम लैथम ने 128 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से 59 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 67 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 36 रन की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से आकाश दीप ने 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। वहीं, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट लिए। जबकि वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।