
IND vs NZ 2nd Test Day 2 Highlights Score: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल ग्राउंड पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन आधी से ज्यादा मेहमान टीम 116/6 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। टीम इंडिया अभी भी कीवी टीम से पहली पारी के आधार पर 240 रन पीछे है। न्यूजीलैंड की टीम को उसकी पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों ने 356 के स्कोर पर ऑल आउट किया था, जिसमें आकाश दीप ने 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। वहीं, भारतीय पारी में यशस्वी जायसवाल (0), देवदत्त पडिक्कल (21), शुभमन गिल (17), केएल राहुल (25), ऋषभ पंत (23) और वाशिंगटन सुंदर (10) पवेलियन लौट गए हैं।
भारत की पहली पारी की शुरुआत बेहद ही खराब रही। टीम इंडिया को पहला झटका पहले ही ओवर में शून्य के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह 6 गेंदों का सामने करते हुए शून्य के निजी स्कोर पर मैट हेनरी का शिकार बने। इसके बाद भारत का दूसरा विकेट 7.2 ओवर में 33 के स्कोर पर देवदत्त पडिक्कल के रूप में गिरा। उन्होंने 20 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन की पारी खेली और काइल जैमीसन का पहला शिकार बने।
जैमीसन ने 59 के स्कोर पर भारत को तीसरा बड़ा झटका कप्तान शुभमन गिल के रूप में 14.4 ओवर में दिया। गिल 29 गेंदों पर तीन चौकों के साथ 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भारत का चौथा विकेट ऋषभ पंत के रूप में गिरा। वह 39 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर जैकब डफी का पहला शिकार बने। भारत का स्कोर 104 पर ही पहुंचा था कि डफी ने केएल राहुल (25) को आउट कर पांचवां झटका दिया। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर सिर्फ 10 रन बनाकर नाथन स्मिथ का शिकार बने। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 116 के स्कोर पर अपने शीर्ष 6 बल्लेबाजों को खो दिया है।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम अपनी पहली पारी में 356 रन पर ऑल आउट हो गई। कीवी टीम की ओर से कप्तान टॉम लैथम ने 128 गेंदों पर 59 रन, डेवोन कॉनवे ने 79 गेंदों पर 31 रन, ग्लेन फिलिप्स ने 67 गेंदों पर 36 रन और अपना 50वां टेस्ट खेल रहे टॉम ब्लंडेल ने 211 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 89 रन की जबरदस्त मैराथन पारी खेली। न्यूजीलैंड को 356 पर ऑल आउट करने में जहां आकाश दीप ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने 31.3 ओवर में 99 रन देकर 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है, जिसमें 8 मेडन ओवर भी शामिल है। वहीं, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने भी दो-दो विकेट लिए और वाशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।