
IND vs NZ 3rd T20: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला वेलिंगटन में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम पहले भी 3 मैच खेल चुकी है और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन अच्छी बात यह है कि आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में जीत हासिल की थी। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड यहां पर ज्यादा बेहतर नहीं है। मेजबान होने के बावजूद न्यूजीलैंड ने 18 मैचों में सिर्फ 10 में जीत हासिल की है और आठ में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
सीरीज में 2-0 से पीछे न्यूजीलैंड की टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बने रहने की कोशिश करेगी, तो टीम इंडिया सीरीज पर कब्जा करना चाहेगी। उससे पहले चलिए जानते हैं कि मैदान के आंकड़े क्या हैं और कितना बड़ा लक्ष्य यहां हासिल हो चुका है।
आपको बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच ही खेले गए मुकाबले में इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर बना था। 2019 में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219 रन बनाए थे और जवाब में भारतीय टीम 139 रन पर ही ढेर हो गई थी। हालांकि, सबसे खास बात यह है कि उस मुकाबले में सिर्फ एक खिलाड़ी ऐसा था, जो आज भी टीम इंडिया के स्कॉड में है और वह हैं भुवनेश्वर कुमार। भुवनेश्वर ने उस मुकाबले में चार ओवर में 47 रन खर्च किए थे और एक विकेट हासिल किया था। भुवनेश्वर का इस सीरीज में प्रदर्शन अब तक खास नहीं रहा है। आठ ओवर में अब तक 99 रन देकर एक विकेट हासिल करने वाले भुवनेश्वर यहां अपना रिकॉर्ड सुधारना चाहेंगे।
अगर इस मैदान पर सबसे बड़े रन चेज की बात की जाए, तो वह भी ऑस्ट्रेलिया ने किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उसने 216 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। पहली पारी का औसत स्कोर यहां 153 रन है, तो दूसरी पारी में औसतन 133 रन बनते हैं। हालांकि, जिस तरह से न्यूजीलैंड की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है, उससे अब पहली पारी में 200 के आसपास का स्कोर बनना आम बात हो गई है। वहीं, इस पिच पर चेज करना ज्यादा आसान माना जाता है। ऐसे में अगर शुरुआती झटके न लगें, तो 200 प्लस का स्कोर भी चेज हो सकता है।
आंकड़े बताते हैं कि 26 मैचों में से 12 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है और 14 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है। ऐसे में एक बार फिर यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।