
Naman Dhir Breaks 17 Year Old Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में नमन धीर ने 280 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। जब टीम इंडिया से जीत दूर जाती दिख रही थी, तब उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाकर टीम इंडिया को शानदार जीत दिला दी। टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया। नमन धीर ने 42 रनों की पारी के साथ 17 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ डाला। उन्होंने टीम इंडिया के सफल रन चेज में सातवें या उससे नीचे बैटिंग ऑर्डर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बना दिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान के नाम था, जिन्होंने 2009 में कोलंबो में खेले गए टी20 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 16 गेंदों में 33 रन की पारी खेली थी। खास बात यह है कि उस मुकाबले में इरफान पठान का स्ट्राइक रेट भी 200 से ऊपर था और वह नाबाद पवेलियन लौटे थे। इस मुकाबले में नमन धीर का स्ट्राइक रेट भी 200 से ऊपर रहा और वह भी नाबाद पवेलियन लौटे।
इस मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत धमाकेदार रही। टिम सीफर्ट ने 24 और फिन एलन ने 45 रन बनाए। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 28 रन की पारी खेली, जबकि बेवेन जैकब्स ने 16 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 31 रन ठोक डाले। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 82 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 225 रन तक पहुंचा दिया। फिलिप्स ने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। इस दौरान भारतीय टीम के गेंदबाजों ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया। पहली बार किसी टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम के सभी गेंदबाजों ने 40 या उससे ज्यादा रन खर्च किए।
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत भी धुआंधार रही। पहले 6 ओवर में 94 रन बनाने वाली टीम इंडिया बीच में मुश्किल में फंस गई, जब तिलक वर्मा 11 गेंदों में 6 रन और ईशान किशन 3 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने पहले अक्षर पटेल के साथ मिलकर 45 रन की साझेदारी की, फिर नमन धीर के साथ 43 रन जोड़े। इसके बाद नमन धीर ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर बचा हुआ काम पूरा किया और भारतीय टीम को शानदार जीत दिला दी।