
IND vs NZ 1st ODI Auckland: ऑकलैंड में बुधवार को भारत और न्यूजीलैंड की टीमें वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरेंगी। टी20 सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया इस फॉर्मेट में भी खुद को बेहतर साबित करना चाहेगी। हालांकि, टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने सीरीज से पहले ही शेड्यूल पर निराशा जताई है। इस तरह के शेड्यूल की वजह से टीम इंडिया के कई खिलाड़ी सिर्फ 3 वनडे मैच ही खेल पाएंगे। 5 मैचों की वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया को 2 टेस्ट मैच भी खेलने हैं।
पहले 3 मैचों में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, जबकि आखिरी दोनों मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे। पहले 3 मैचों के बाद शुभमन गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुट जाएंगे। इसी वजह से वे आखिरी दोनों मैच नहीं खेल पाएंगे। लेकिन शुभमन गिल चाहते हैं कि उनकी पूरी मजबूत टीम पांचों मैच खेले।
शुभमन गिल ने इसके लिए शेड्यूल को जिम्मेदार ठहराया है। कप्तान ने कहा, "मैं चाहता था कि वनडे और टेस्ट के बीच टी20 मैच खेले जाएं, ताकि भारत पूरी ताकत वाली टीम उतार सके। वनडे और टेस्ट सीरीज दोनों बहुत जरूरी हैं। अगर यह मेरे हाथ में होता और सभी खिलाड़ी फिट होते, तो मैं चाहता कि वे सभी खिलाड़ी पूरी वनडे सीरीज खेलें, लेकिन दो टेस्ट मैच भी बहुत जरूरी हैं। अगर यह पहले वनडे, फिर टी20 और फिर टेस्ट होता, तो हम अपनी सबसे मजबूत टीम के साथ सभी पांच वनडे मैच खेल सकते थे, लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके, क्योंकि वनडे सीरीज और टेस्ट मैचों के बीच का गैप बहुत कम है।"
भारत सीरीज के आखिरी दो वनडे मैचों में गिल और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों समेत कई अन्य खिलाड़ियों को मिस करेगा। वनडे सीरीज 15 नवंबर को खत्म होगी और टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से शुरू होगी।
टीम इंडिया के कप्तान की नजर डब्ल्यूटीसी फाइनल पर भी है। फाइनल में भारत के लिए खिताबी मुकाबले में पहुंचने की उम्मीदें थोड़ी बढ़ गई हैं, क्योंकि हाल ही में खत्म हुई सीरीज में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था। उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच जो सीरीज हुई, वह वाकई दिलचस्प थी और इसने टेबल को बहुत अच्छे से बैलेंस किया है। उम्मीद है, अगर हम यहां टेस्ट सीरीज में अच्छा खेलते हैं और फिर ऑस्ट्रेलिया से घर पर खेलते हैं, तो इससे हमें फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। डब्ल्यूटीसी का माहौल बहुत दिलचस्प हो गया है।"