
India vs New Zealand Test Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होने जा रही है। टीम इंडिया इस बार 19 साल के सूखे को खत्म करने के इरादे से न्यूजीलैंड आई है। भारतीय टीम ने आखिरी टेस्ट सीरीज और मुकाबला साल 2009 में जीता था। उसके बाद से टीम इंडिया लगातार न्यूजीलैंड दौरे पर जीत के लिए तरसती रही है।
2009 में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी, उसमें टीम इंडिया ने पहला मुकाबला जीता था। जहां सचिन तेंदुलकर ने 160 रनों की यादगार पारी खेली थी और हरभजन सिंह ने दूसरी पारी में 6 विकेट निकालकर टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगाई थी। लेकिन उसके बाद से टीम इंडिया सीरीज तो छोड़िए, एक मुकाबला तक न्यूजीलैंड की धरती पर नहीं जीत पाई है।
हैमिल्टन में खेले गए 2009 टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 279 रन बनाए। जेसी राइडर ने कीवी टीम के लिए शानदार शतकीय पारी खेली, तो डेनियल विटोरी ने आठवें नंबर पर आकर 118 रन बना दिए। भारत के लिए ईशांत शर्मा ने चार विकेट चटकाए, तो मुनाफ पटेल ने तीन, जहीर खान ने दो और हरभजन सिंह को एक सफलता मिली।
टीम इंडिया के लिए गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग ने शानदार शुरुआत की। गंभीर ने 72 रन बनाए, तो सहवाग 24 रन बनाकर रन आउट हो गए। राहुल द्रविड़ ने 66 रन बनाए, तो सचिन तेंदुलकर ने 160 रनों की पारी खेल डाली। इसके बाद जहीर खान ने नौवें नंबर पर आकर 51 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेल डाली, जिससे भारतीय टीम ने 520 रन के आंकड़े को छू लिया।
न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। ब्रेंडन मैक्कुलम ने आठवें नंबर पर आकर 84 रन जरूर बनाए, लेकिन कीवी टीम भारत के सामने बड़ा लक्ष्य नहीं रख सकी। भारतीय टीम को चौथी पारी में जीत के लिए सिर्फ 39 रन बनाने थे और गौतम गंभीर-राहुल द्रविड़ ने बिना विकेट गंवाए इस लक्ष्य तक भारतीय टीम को पहुंचा दिया। चौथे दिन ही भारतीय टीम ने 39 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हैमिल्टन में यह जीत भारतीय टीम को 33 साल बाद मिली थी। इससे पहले भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड की सरजमीं पर आखिरी टेस्ट मुकाबला 1976 में जीता था, जब उसने ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में जीत हासिल की थी।
भारतीय टीम ने अब तक न्यूजीलैंड की धरती पर 25 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 5 में टीम इंडिया को जीत मिली है, तो 10 मुकाबलों में मेजबानों ने सफलता हासिल की है। न्यूजीलैंड की धरती पर भारत के 10 मैच ड्रॉ रहे हैं। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात की जाए, तो टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 65 मुकाबले खेले हैं और 22 में जीत हासिल की है। दोनों टीमों के बीच 27 मैच ड्रॉ हुए हैं और 16 मैचों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। इन दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला फाइनल भी खेला गया था, जहां कीवी टीम ने जीत हासिल कर इतिहास रच दिया था।