क्रिकेट

IND vs SL: देवदत्त पडिक्कल ने कोलंबो में शतक जड़ रचा इतिहास, 8 साल के बाद भारत के लिए किया कमाल

IND vs SL 2nd Test Day 1: देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्‍ट की पहली पारी में भी शानदार शतक जड़ा है। इस शतक के साथ ही उन्‍होंने इतिहास रच दिया है। यह 2018-19 के बाद हुआ है, जब विदेशी धरती पर किसी बल्‍लेबाज ने नंबर-3 पर आते हुए लगातार दूसरा शतक जड़ा है।
2 min read
Aug 23, 2026
IND vs SL 2nd Test Day 1, devdutt padikkal century,
कोलंबो में शतक लगाने के बाद बल्‍ला उठाते देवदत्‍त पडिक्‍कल। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/BCCI)

India vs Sri Lanka 2nd Test Day 1: देवदत्त पडिक्कल ने शुरुआती दौर में श्रीलंकाई फील्डर्स के कैच छोड़ने का पूरा फायदा उठाते हुए सीरीज में लगातार दूसरा शतक लगाकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसके साथ ही पडिक्‍कल विदेशी धरती पर 2018-19 के बाद नंबर-3 पर उतरते हुए लगातार दो शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले भारत के लिए नंबर-3 बल्लेबाज ने लगातार दो विदेशी टेस्ट मैचों में शतक बॉर्डर्ड गावस्‍कर ट्रॉफी 2018-19 में लगाए थे। उस दौरान चेतेश्वर पुजारा ने एमसीजी में 106 और 0, इसके बाद एससीजी में 193 रन की शतकीय पारी खेली थी।

0 और 1 रन पर छूटे थे देवदत्‍त पडिक्‍कल के कैच

बता दें कि गॉल में खेले गए पहले टेस्‍ट में देवदत्‍त पडिक्‍कल ने 167 और 44 रन की पारियां खेली थीं। वहीं, सिंहली क्रिकेट क्‍लब के ग्राउंड पर 117 रन की पारी खेली है। अपने लगातार दूसरे टेस्ट शतक पर देवदत्त पडिक्कल खुशी से झूम उठे। उन्होंने अपना हेलमेट उतारा और ड्रेसिंग रूम में उनके लिए खूब तालियां बजीं। ज्ञात हो कि इस पारी की शुरुआत में 0 और 1 रन पर उनके कैच छूटे थे, हालांकि वे मुश्किल मौके थे। लेकिन, श्रीलंका को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है।

भारतीय कप्‍तान बड़ी पारी से चूके

बता दें कि इससे पहले शुभमन गिल ने 50 के निजी स्‍कोर पर अपना विकेट गंवा दिया और टी ब्रेक तक भारत तीन विकेट खो चुका था। भारतीय कप्तान एक बड़ी पारी के लिए तैयार दिख रहे थे, लेकिन उन्हें हाफ सेंचुरी से ही संतोष करना पड़ा। गिल और देवदत्त पडिक्कल ने 100 से ज़्यादा रन जोड़कर दूसरे टेस्ट में भारत की मजबूत स्थिति को मजबूत किया। इससे पहले यशस्वी जायसवाल (45) और केएल राहुल (18) पहले सेशन में अपने विकेट गंवाने वाले दो बल्‍लेबाज थे। खेल के पहले सेशन में जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली थी।

मैच का स्‍कोर

बता दें कि खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम 4 विकेट के नुकसान पर 290 का आंकड़ा पार कर चुकी थी। ध्रुव जुरेल छह रन और रवींद्र जडेजा 40 रन बनाकर खेल रहे थे। भारत को चौथा सबसे बड़ा झटका 281 के स्‍कोर पर देवदत्‍त पडिक्‍कल के रूप में लगा, जिन्‍होंने 117 रन की जबरदस्‍त पारी खेली।